कांग्रेस के स्थापना दिवस के दिन फ्लैग मार्च करेंगे कांग्रेसी Ranchi News
Congress. झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कांग्रेस मुख्यालय में 10.30 बजे झंडोतोलन होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य पार्टी के स्थापना दिवस (28 दिसंबर) के अवसर पर फ्लैग मार्च करेंगे। राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देश पर 134वां स्थापना दिवस को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में डॉ. रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें फ्लैग मार्च को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, जोनल को-ऑर्डिनेटर, मीडिया प्रवक्ता, रांची नगर एवं रांची ग्रामीण के अध्यक्ष शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर स्थापना दिवस को लेकर भारत बचाओ-संविधान बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मौके पर प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर पदयात्रा करने की बात कही गई। प्रदेश प्रवक्ता शमशेर आलम ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय में 10.30 बजे झंडोतोलन होगा और 11.30 बजे शहीद स्थल, जिला स्कूल मैदान से फ्लैग मार्च की शुरुआत होगी।
बैठक के अंत में दो मिनट का मौन रखकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. आरपी राजा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान, जोनल कोआर्डिनेटर रमा खलखो, भीम कुमार, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, शमशेर आलम, लाल किशोरनाथ शाहदेव, डा. राजेश गुप्ता, आदि मौजूद थे।