झारखंड राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने 16 वोटों की गिनती के लिए 6 सीनियर नेताओं की लगाई ड्यूटी
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने 16 विधायकों के वोटों की सही गिनती सुनिश्चित करने और क्रॉस-वोटिंग रोकने के लिए छह वरिष्ठ नेताओं को लगाया है।

कांग्रेस ने 16 वोटों की गिनती के लिए 6 सीनियर नेताओं की लगाई ड्यूटी
HighLights
कांग्रेस ने 16 विधायकों के लिए छह वरिष्ठ नेता लगाए।
क्रॉस-वोटिंग रोकने और वोटों की सही गिनती सुनिश्चित करना।
के. राजू, सिरीबेला प्रसाद, नासिर हुसैन, राधाकृष्ण किशोर शामिल।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से सर्वाधिक सावधानी बरती जा रही है। चुनाव में कांग्रेस के 16 विधायकों को मतदान करना है और इनके वोट सही उम्मीदवार को मिले और इन मतों की गिनती के लिए कांग्रेस ने छह सीनियर नेताओं को लगा दिया है।
एक दिन पहले तक इनकी संख्या पांच थी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू और सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद कांग्रेस पार्टी के पोलिंग एजेंट मनोनीत किए गए हैं तो पार्टी ने सांसद नासिर हुसैन और मंत्री राधा कृष्ण किशोर को कांग्रेस उम्मीदवार का काउंटिंग एजेंट बनाया है।
राजू एवं प्रसाद की जोड़ी क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर नजर रखेगी तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और बंधु तिर्की को पोलिंग एजेंट बनाया गया है।
यही दोनों नेता मतदान केंद्र पर बैठकर देखेंगे कि किन-किन विधायकों ने वोट किया और किसे वोट दिया। किस विधायक का वोट अब तक नहीं पड़ा है।
मालूम हो कि पार्टी की ओर से बनाए गए एजेंट की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता डा. सैयद नासिर और मंत्री राधाकृष्ण किशोर को काउंटिंग एजेंट बनाया है। पुराने इतिहास को देखें तो झारखंड में पार्टी एजेंट के साथ मिल कर विधायक क्रॉस वोटिंग को अंजाम दे चुके हैं।
यहां गौर करने की बात यह है कि कांग्रेस की तुलना में दोगुने से भी अधिक विधायकों वाली पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसी काम के लिए चार लोगों की जिम्मेदारी सौंपी है। मोर्चा ने अभी तक काउंटिंग एजेंट का नाम तय नहीं किया है।
