Move to Jagran APP

Lockdown Update: लॉकडाउन में दो भाजपा सांसदों के दिल्ली से आने को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा

Lockdown News Update. झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने दोनों सांसदों के रवैया की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री से मांग कर डाली कि इनके खिलाफ कार्रवाई करें।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Thu, 16 Apr 2020 08:54 AM (IST)Updated: Thu, 16 Apr 2020 04:12 PM (IST)
Lockdown Update: लॉकडाउन में दो भाजपा सांसदों के दिल्ली से आने को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा
Lockdown Update: लॉकडाउन में दो भाजपा सांसदों के दिल्ली से आने को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा

रांची, राज्य ब्यूरो। नई दिल्ली से सड़क मार्ग से आए राज्य के दो भाजपा सांसदों संजय सेठ और पीएन सिंह को लेकर राजनीतिक विवाद तेज होता जा रहा है। बुधवार को सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने दोनों सांसदों के रवैया की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री से मांग कर डाली कि इनके खिलाफ कार्रवाई करें। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि दोनों सांसदों के पूरे परिवार को क्वारंटाइन कर देना चाहिए।

loksabha election banner

साथ ही साथ रांची के सांसद संजय सेठ से मुलाकात करने वाले उपायुक्त राय महिमापत रे को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिरकार नई दिल्ली से उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए भाजपा के सांसद कैसे आ गए? इन दोनों राज्यों में झारखंड समेत कई प्रांतों के लोग फंसे हुए हैं। उधर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर और इरफान अंसारी ने भी दोनों भाजपा सांसदों पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री लॉक डाउन के सख्त नियमों के पालन का आग्रह करते हैं तो दूसरी तरफ उन्हीं के सांसद इसका उल्लंघन करते हैं। दोनों सांसदों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है। नियमानुसार दोनों सांसदों को खुद सरकार के स्तर से संचालित क्वारंटाइन सेंटर में उन तमाम लोगों के साथ रहना चाहिए जिसके वे संपर्क में आए हैं।

इरफान अंसारी ने रांची उपायुक्त को भी क्वारंटाइन करने की नसीहत दी जिनसे संजय सेठ मिले थे। उन्होंने कहा कि आज कोरोना के फैलाव का पूरा दोष तब्लीगी जमात वालों पर मढ़ा जा रहा है। ऐसे में सवाल किया कि क्या भाजपा के सांसदों के लिए कोई अलग गाइडलाइन है?

कांग्रेस ने की भाजपा सांसदों पर कानूनी कार्रवाई की मांग

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने लॉकडाउन के बीच सारे नियमों की अनदेखी कर दिल्ली से झारखंड आने वाले भारतीय जनता पार्टी सांसदों संजय सेठ और पीएन सिंह के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन शुरू होने के बाद जब परिवहन सेवा पूरी तरह से बंद करने का आदेश भी नहीं लागू हुआ था, उस वक्त कुछ मजदूरों और स्थानीय लोगों को रांची से पाकुड़ भेजे जाने के मुद्दे को लेकर भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस कोटे के मंत्री पर कई अनर्गल आरोप लगाये थे।

अब जब भाजपा सांसदों द्वारा खुले आम लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले की सच्चाई सामने आई है तो नैतिकता की दृष्टि से भाजपा के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को भी अपने सांसद के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रांची लौटने के बाद सांसद संजय सेठ ने खुद को होम क्वारंटाइन करने की जगह राजनीति चमकाने के लिए अधिकारियों से मिलना-जुलना शुरू कर दिया। ऐसे नेताओं को जनता की कोई चिंता नहीं है। कहा कि तब्लीगी जमात के अमीर मौलाना मो. साद समेत कई लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है, उसी तरह से भाजपा सांसदों के खिलाफ भी गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.