Ranchi: शादी टूटने पर युवक कर रहा अश्लील मैसेज, साइबर थाने में शिकायत
Jharkhand. गोलमुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बुधवार को रांची के बेड़ो निवासी भोला महतो के खिलाफ साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बेड़ो/जमशेदपुर, जेएनएन। गोलमुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बुधवार को रांची के बेड़ो निवासी भोला महतो के खिलाफ साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेज कर शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती ने शिकायत में बताया है कि सितंबर 2018 को भोला महतो के घर वाले शादी के लिए उसे देखने आए थे।
शादी तय करने के लिए युवती के घर वालों ने कुछ दिनों का समय मांगा। इसके बाद युवती के परिजनों ने भोला के गांव जाकर उसके बारे में जानकारी हासिल की। पता चला कि भोला के परिजनों द्वारा दी गई सारी जानकारी गलत है। इसके बाद युवती के घर वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता टूटने के बाद भोला युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान करने लगा।
सोशल मीडिया पर भी भोला अश्लील मैसेज भेज रहा है। युवती ने बताया कि इसके पहले भी भोला उसे प्रताडि़त करता रहता था। इसके बाद उसने इसकी शिकायत महिला थाना में की थी। शिकायत के बाद महिला थाना में भोला ने लिखित दिया था कि वह आगे से युवती को परेशान नहीं करेगा, लेकिन कुछ दिनों से वह फिर से युवती को परेशान कर रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप