फसल बीमा में लापरवाही बरती तो ब्लैक लिस्टेड होंगी कंपनियां Ranchi News
फॉर्म के अभाव में कई किसान वंचित हुए हैं। रांची जिला लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका है। अब कृषि सचिव ने मंत्रालय से अनुशंसा काली सूची में डालने की अनुशंसा की है।
रांची, जासं। खरीफ फसलों की फसल बीमा कराने में एचडीएफसी एग्रो जीआइसी लिमिटेड द्वारा रांची जिला में लापरवाही बरतने पर संबंधित कंपनी को काली सूची में डालने की तैयारी चल रही है। उपायुक्त के पत्र के आलोक में कृषि सचिव पूजा सिंघल ने कृषि मंत्रालय को पत्र लिखा है और संबंधित कंपनी को काली सूची में डालने की अनुशंसा की।
दरअसल दो अगस्त को उपायुक्त ने कृषि विभाग को पत्र लिखकर सूचित किया था कि एचडीएफसी एग्रो द्वारा समय पर किसानों को फॉर्म नहीं उपलब्ध कराने से कई किसान फसल बीमा से वंचित रह गए। इससे रांची लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सका। यही नहीं 26 जुलाई को भी कंपनी को निर्देश दिया गया है कि वह समय पर फॉर्म को उपलब्ध कराए। इसके लिए कंपनी से 50 हजार फॉर्म भी उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके बावजूद कंपनी द्वारा समय पर फॉर्म उपलब्ध नहीं कराया गया।
1.45 लाख किसानों का ही हो सका फसल बीमा
रांची जिला में 1.59 लाख किसानों का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन 1.45 लाख का ही फसल बीमा हो सकेगा। हालांकि, किसी भी जिला ने अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल नहीं कर सका। इसका एक कारण समय पर किसानों को संबंधित एजेंसी द्वारा फॉर्म उपलब्ध नहीं कराया गया था।
रांची में खलारी का प्रदर्शन रहा सबसे खराब
बुंडू, तमाड़ और सोनाहातू के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देने की अनुशंसा की गई थी। जबकि, खलारी का प्रदर्शन सबसे खराब होने के कारण उनसे जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर वेतन भी रोका जा सकता है। खलारी प्रखंड ने सिर्फ 1868 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से जोड़ा है।