एमबीए की छात्रा ने फंदे से झूलकर की खुदकशी
छात्रा के परिजनों का कहना है कि वह डिप्रेशन में चल रही थी। पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में फिर आत्महत्या का मामला सामने आया है। गोंदा थाना क्षेत्र के धावन नगर में रहने वाली एमबीए की छात्रा प्रीति राय (21) ने फंदे से झूलकर खुदकशी कर ली। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। वह डोरंडा कॉलेज में एमबीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के शेरपुर कला की रहने वाली थी।
धावन नगर में बड़े भाई और दो अन्य बहनों के साथ रहती थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम घर में प्रीति अकेली थी। बड़ा भाई सीसीएल में गार्ड की नौकरी करते हैं। वे शाम करीब छह बजे चाय-नाश्ता के लिए घर पहुंचे। घर का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी खटखटाने और आवाज लगाने पर भी नहीं खुला। शक होने पर दरवाजा तोड़कर घुसे, तो देखा कि प्रीति फंदे से लटक रही है।
उसे उतारकर सीसीएल अस्पताल ले गए। जहां, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार छात्रा डिप्रेशन में चल रही थी। नींद की दवाई भी लिया करती थी। उसे माइग्रेन और ब्रेन ट्यूमर था। इस बीमारी की वजह से भी तनाव में रहती थी। एक बार पहले भी नींद की गोलियां खाकर जान देने की कोशिश कर चुकी है।
सिर में चोट के निशान, परिजन बोले दो दिन पहले की है चोट : घटना की सूचना गोंदा थाने के पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने देखा कि प्रीति के सिर में कुछ चोट के निशान थे। इससे मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रही है। हालांकि परिजनों ने बताया है कि दो दिन पहले वह एक शादी के कार्यक्रम में कई थी।
कार्यक्रम के दौरान वह गिर गई थी। इससे सिर में चोट लग गई थी। जख्म सूखे थे। पुलिस को सूचना दिए बगैर भाई फंदे से उतारकर अस्पताल ले गया। हालांकि इसके पीछे उसका त्वरित इलाज कारण हो सकती है। लेकिन पुलिस कई बिंदुओं पर जांच में जुट गई है।
उठते सवाल : -सिर में जख्म कैसे, दो दिन पहले की चोट की हकीकत क्या है? -पुलिस के पहुंचने से पहले अस्पताल पहुंचा दिया गया? -पहले भी नींद की गोलियां खाकर जान देने की कोशिश कर चुकी है?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार : 'प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी। कई बिुंदओं पर जांच चल रही है।' सुजाता वीणापाणि, सिटी एसपी रांची।