खलारी में कोयला लदे हाइवा में रहस्यमयी आग: जलकर खाक हुआ डंपर, चालक गायब; नक्सली साजिश तो नहीं?
खलारी के बड़कीटांड़ में शनिवार रात कोयला लदे एक हाइवा डंपर में आग लग गई, जिससे डंपर का अगला हिस्सा ...और पढ़ें

खलारी के बड़कीटांड़ में धधक रहा हाइवा डंपर।
संवाद सूत्र, खलारी(रांची)। खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में शनिवार रात कोयला लदे हाइवा डंपर में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने अपनी छानबीन तेज कर दी है। खलारी सीमेंट लिमिटेड रेलवे साइडिंग जा रहा यह डंपर देखते ही देखते आग का गोला बन गया था, जिससे इसका अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है।
इस घटना के बाद से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। घटना के बाद से ही डंपर (संख्या: JH02BP/5049) के चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के वक्त चालक कहां था और अचानक आग लगने के बाद वह कैसे गायब हो गया। चालक के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग लगने के शुरुआती पल में वास्तव में वहाँ क्या हुआ था।
नक्सली एंगल और पुरानी घटनाओं की सुगबुगाहट
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पूर्व में भी इसी स्थान पर एक हाइवा डंपर को आग के हवाले किया जा चुका है। इस पुरानी घटना को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोग इस बात से इनकार नहीं कर रहे हैं कि इसके पीछे किसी आपराधिक या नक्सली गतिविधि का हाथ हो सकता है। पुलिस इस एंगल को भी अपनी जाँच का मुख्य हिस्सा बना रही है।
फायर ब्रिगेड की लेट-लतीफी पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी और थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने सीसीएल एनके एरिया के रेस्क्यू विभाग से तुरंत दमकल भेजने का आग्रह किया था, लेकिन समय पर दमकल गाड़ी के न पहुँच पाने के कारण आग ने वाहन को भारी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस का बयान
मामले को लेकर डीएसपी रामनारायण चौधरी ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की गहराई से जाँच कर रही है। यह आग तकनीकी खराबी (शॉर्ट सर्किट) के कारण लगी है या फिर किसी ने इसे जानबूझकर आग के हवाले किया है।
यह फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, चालक की तलाश और संदिग्धों की शिनाख्त के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।