विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुछ भ्रष्ट पुलिस अफसर लगा रहे खाकी पर दाग: सीएम

By Sachin MishraEdited By:
Published: Sun, 13 Aug 2017 02:07 PM (IST)Updated: Mon, 14 Aug 2017 09:33 AM (IST)

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पुलिस की जमकर खिंचाई की। उनके मुताबिक, कुछ भ्रष्ट पुलिस अफसर खाकी पर दाग लगा रहे हैं।

कुछ भ्रष्ट पुलिस अफसर लगा रहे खाकी पर दाग: सीएम
कुछ भ्रष्ट पुलिस अफसर लगा रहे खाकी पर दाग: सीएम

जागरण संवाददाता, रांची। जैप वन परिसर में रविवार की सुबह झारखंड पुलिस अलंकरण परेड समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रघुवर दास तेवर में दिखे। उन्होंने पुलिसकर्मियों-अधिकारियों की खिंचाई की, तो उनकी पीठ भी थपथपाई। कहा कि कुछ भ्रष्ट पुलिस अफसर ही खाकी पर दाग लगा रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर उनपर कार्रवाई करें। संगठित अपराध व अवैध खनन को रोकें, नक्सलियों की अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त करें।

सरकार आधारभूत संरचना बढ़ाने जा रही है और पुलिस के बेड़े में 8000 नए दारोगा व सिपाही भर्ती किए जाएंगे। रविवार से शुरू हुई डायल-100 को चौकन्ना रहने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा न हो जाए कि डायल-100 आलोचना का प्लेटफार्म बनकर रह जाए, इसका ध्यान रखें। सहायक पुलिस के 2500 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें अभी तीन साल के अनुबंध पर रखा गया है। बेहतर प्रदर्शन होने पर इन्हें पुलिस विभाग में नियमित किए जाने का भी प्रावधान है।

मुख्यमंत्री के संबोधन के पूर्व मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने खादी वर्दी को अपनी मिट्टी, अपने राष्ट्रवाद, राष्ट्रप्रेम को बनाए रखने और अपनी गरिमा को बचाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से ही विकास को धरातल पर उतार सकते हैं। पुलिस के सामने बहुत सी चुनौतियां हैं, इसके लिए पुलिस को सशक्त होना होगा। पुलिस में मानव बल को बढ़ाने की कोशिश जारी है। प्रधान सचिव गृह एसकेजी रहाटे ने राज्य के विकास में पुलिस की अहम भूमिका को बताया और कहा कि झारखंड पुलिस को पारदर्शी व सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

झारखंड में सीसीटीएनएस, हाईवे पेट्रोल, ऑपरेशन मुस्कान, शक्ति एप सहित कई योजनाओं से पुलिस का नया आयाम दिख रहा है। विधि-व्यवस्था के लिए पुलिस कटिबद्ध है। डीजीपी डीके पांडेय ने झारखंड पुलिस की डायल-100, सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट, आदिवासी बटालियन का गठन सहित विभिन्न पहलुओं को अपने स्वागत भाषण में बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस राज्य की सुरक्षा के लिए अपराधियों-उग्रवादियों का ईट से ईट बजा देगी।

एडीजी जैप रेजी डुंगडुंग ने सभी अतिथियों व अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, पुलिस हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक केएस मीणा सहित झारखंड पुलिस के दर्जनभर से अधिक आइपीएस अधिकारी, पुलिस विभाग के अन्य कनीय पदाधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद थे। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में चंदन का पौधा भेंट किया गया। 

यह भी पढ़ेंः विश्व पुलिस व फायर गेम्स में अरुणा मिश्रा को मुक्केबाजी में गोल्ड

यह भी पढ़ेंः झारखंड में जबरन धर्मांतरण पर जेल और जुर्माना