भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुए CM, उमड़ा भक्तों का सैलाब; देखें खास तस्वीरें Ranchi News
Jharkhand. रांची के जगन्नाथपुर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची के जगन्नाथपुर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए। रथयात्रा शाम 4:30 बजे शुरू हुई। इसमें हजारों की तादाद में श्रद्धालु शामिल हुए। रथ यात्रा में शामिल भक्त भगवान जगन्नाथ के दर्शन को आतुर दिखे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ झारखंड की जनता पर हमेशा अपनी कृपा बरसाए।
प्रभु श्री जगन्नाथ की कृपा सदैव आप पर बनी रहे। झारखंड यूं ही विकास के पथ पर सदा अग्रसर रहे। सीएम ने कहा कि भगवान जगन्नाथ गरीबों के देवता हैं। प्रभु से आज कामना की है कि झारखंड के गरीब से गरीब व्यक्ति पर उनका आशीर्वाद बरसे। किसानों पर और समाज के हर तबके पर उनका आशीर्वाद बरसे। अच्छी बरसात हो, ताकि हमारे किसान भाई-बहनों को लाभ मिले। उन्होंने रथयात्रा के आयोजकों को धन्यवाद भी दिया।
रथयात्रा में मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी पहुंचे। इससे पूर्व सुबह भक्त प्रभु की पूजा के लिए कतार में खड़े नजर आए। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की पूजा की।