Lockdown Extension: मुख्यमंत्री बोले, लॉकडाउन में नियमों की अनदेखी हुई तो तुरंत वापस लेंगे छूट
Lockdown Extension. कोरोना से जंग के बीच मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ बैठक कर वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की। सेवाओं में दी गई छूट का असर एक-दिन बाद दिखेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन की अवधि में दी गई छूट में यदि नियमों की अनदेखी होगी और शारीरिक दूरी के मानकों का पालन नहीं हुआ, तो दी गई रियायत को तत्काल वापस लिया जाएगा। सोमवार को कांग्रेस कोटे के मंत्रियों रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और बादल के साथ उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत ही झारखंड में भी रियायतें दी जा रही हैं। लेकिन, हमारे राज्य की भी अपनी कुछ समस्याएं और जरूरतें हैं और इसकी समीक्षा कर राज्य सरकार आगे उचित कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में कोरोना वायरस के बढ़ रहे संक्रमण के खतरे को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है और इसे रोकने के लिए सभी एहतियात कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के तहत कुछ सेवाओं में सशर्त छूट दी जा रही है। इसका उल्लंघन नहीं हो, इसकी निगरानी करने का निर्देश अधिकारियों को दिया जा चुका है। लॉकडाउन में दी जाने वाली रियायतों का असर एक-दो दिनों के अंदर देखने को मिलेगा। इसके बाद सरकार इसकी समीक्षा कर निर्णय लेगी।