मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी चाची का निधन, अंतिम संस्कार में शामिल हुए सीएम
मृत्यु की सूचना पाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी चचेरी बहन के आवास पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार रामगढ़ के गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा थाना क्षेत्र के श्मशान घाट में हुआ।
रांची, जेएनएन। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी चाची और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की बड़ी भाभी (बड़े भाई राजा राम सोरेन की पत्नी) का निधन हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार दोपहर को रामगढ़ ज़िले के गोला प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे और अपनी बड़ी चाची और राजाराम सोरेन की धर्मपत्नी दुखनबाला सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए l यहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। मुख्यमंत्री ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी l
श्रद्धांजलि अर्पित करनेवालों में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन, पिता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और विधायक सीता सोरेन व अन्य पारिवारिक सदस्यों के अलावा मंत्री मिथिलेश ठाकुर, रामगढ़ विधायक ममता देवी एवं मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद प्रमुख रूप से मौजूद रहेl ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री की बड़ी चाची का कल रविवार को निधन हो गया था और उनके राजधानी रांची के बूटी मोड़ स्थित आवास से आज सोमवार को पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लाया गया।
हेमंत सोरेन की बड़ी चाची अपनी बेटी के पास रांची के बूटी मोड़ स्थित आवास में रहती थीं। रांची में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। मृत्यु की सूचना पाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी चचेरी बहन के आवास पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा थाना क्षेत्र के ठेकानाला श्मशान घाट में होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। दोपहर एक बजे तक वे रामगढ़ के अपने पैतृक आवास नेमरा पहुंचेंगे। वे सड़क मार्ग से रामगढ़ के लिए रवाना होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि आज मेरी बड़ी चाची दुखनबाला सोरेन जी का निधन हो गया। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। बूटी मोड़ के पास स्थित आवास पर पहुँचकर चाची जी के पार्थिव शरीर को नमन कर श्रद्धांजलि दी।