अब पूरे देश में बोकारो के 3 लापता लोगों की तलाश, CID ने जारी किया ह्यू एंड क्राई नोटिस
सीआईडी ने बोकारो से लापता तीन व्यक्तियों मुन्नी देवी, कंचन देवी और गिरिश पासवान की तलाश के लिए देशभर में ...और पढ़ें

सीआईडी ने बोकारो के तीन लापता व्यक्तियों की तलाश शुरू की। जागरण
HighLights
सीआईडी ने बोकारो के तीन लापता व्यक्तियों की तलाश शुरू की।
देशभर में 'ह्यू एंड क्राई' नोटिस जारी कर सहयोग मांगा गया।
राज्य ब्यूरो, रांची। बोकारो से लापता तीन व्यक्तियों की तलाश के लिए सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक के माध्यम से सभी राज्यों के वरीय पुलिस अधिकारियों को ह्यू एंड क्राई नोटिस के माध्यम से सूचना दी गई है।
इस सूचना के बाद से ही लापता तीनों व्यक्तियों की तलाश पूरे देश में शुरू हो चुकी है। यह दूसरी बार है जब सीआईडी ने यह नोटिस जारी किया है। इससे पहले, रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता दो मासूम बच्चे अंश व अंशिका के मामले में भी सीआईडी ने सभी राज्यों के डीजीपी से सहयोग मांगा था और ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया था।
सीआईडी जिनकी तलाश कर रही है, उनमें बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के बुद्धन गोप की पत्नी 65 वर्षीया मुन्नी देवी, बोकारो के ही बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी जितेंद्र कुमार सोनी की पत्नी 46 वर्षीय कंचन देवी व बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी गिरिश पासवान हैं।
ह्यू एंड क्राई नोटिस का मतलब होता है कि शोर मचाकर लोगों से सहायता मांगना। यह अमूमन लापता, फरार आरोपित, चोर, संदिग्ध आरोपितों की खोज के लिए जारी होता है। इसमें वैसे व्यक्ति की फोटो, उसका विवरण व इनाम आदि की घोषणा शामिल होती है।

मुन्नी देवी इसी वर्ष मार्च जबकि कंचन व गिरिश पासवान 2020 से हैं लापता
मुन्नी देवी आठ मार्च 2026 से लापता हैं, वहीं कंचन देवी 27 सितंबर 2020 व गिरिश पासवान सात नवंबर 2020 से लापता हैं। एडीजी ने यह नोटिस 25 जुलाई को ही जारी किया था। इसकी प्रति सभी जोनल आईजी, रेंज डीआइजी व जिलों के एसपी को दी गई थी, ताकि प्रत्येक स्तर पर लापता व्यक्तियों की तलाश की जा सके।
इसकी कॉपी सभी पुलिस थानों, पुलिस ओपी, पुलिस चौकियों, बीट अधिकारियों तक को दी गई है, ताकि इसका ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार हो सके। इससे लापता लोगों को खोजने में मदद मिलेगी। नोटिस में आम लोगों से अपील की गई है कि उपरोक्त लापता व्यक्तियों के बारे में पता चलने पर इसकी सूचना सीआईडी मुख्यालय को दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।