Lok Sabha Polls 2019 : झारखंड में नए मुख्य सचिव को लेकर सुगबुगाहट तेज
Lok Sabha Polls2019. इस सप्ताह सुधीर त्रिपाठी के एक्सटेंशन की अनुशंसा भेजी जाएगी या फिर नया नाम तय होगा। निर्वाचन आयोग की चली तो नए चेहरे को मुख्य सचिव की कुर्सी मिलेगी ।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी अभी सेवा विस्तार पर हैं। उनका कार्यकाल 31 मार्च को खत्म हो जाएगा। नियमानुसार उन्हें एक बार तीन महीने का और सेवा विस्तार मिल सकता है। राज्य सरकार को इसके लिए पहल करनी होगी। आचार संहिता के कारण नए मुख्य सचिव के चयन के लिए सरकार को न सिर्फ केंद्रीय कार्मिक विभाग बल्कि निर्वाचन आयोग की भी अनुमति लेनी पड़ेगी।
अब तक जो चलन रहा है उसके अनुसार सेवानिवृत्ति से कम से कम 15 दिन पहले नामों की अनुशंसा राज्य सरकार भेजती है। अपर मुख्य सचिव के बीच से ही कोई नया मुख्य सचिव होगा। सूत्र बताते हैं कि निर्वाचन आयोग अगर सीधा हस्तक्षेप करे तो नियमानुसार सबसे वरीय अधिकारी का मुख्य सचिव के रूप में चयन हो सकता है। झारखंड कैडर के आइएएस में वरीयता के आधार पर दो ऐसे अधिकारी हैं जो छह महीने के अंदर सेवानिवृत्त होंगे जबकि सबसे जूनियर कार्मिक विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल हैं।
वरीयता के अनुसार अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी
राजीव गौबा : अगस्त 2019 में सेवानिवृत्त होंगे। फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
बीके त्रिपाठी : अगस्त में सेवानिवृत्त होंगे।
राजीव कुमार : केंद्रीय वित्त मंत्रालय के सचिव हैं। फरवरी 2020 में सेवानिवृत्त होंगे।
अमित खरे : सितंबर 2021 में रिटायर होंगे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव हैं।
डीके तिवारी : मार्च 2020 में सेवानिवृत्त होंगे। राज्य सरकार के विकास आयुक्त हैं।
एनएन सिन्हा : जुलाई 2024 में रिटायर होंगे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएचएआइ में तैनात हैं।
इंदुशेखर चतुर्वेदी : अक्टूबर 2022 में सेवानिवृत्त होंगे।
सुखदेव सिंह : मार्च 2024 में सेवानिवृत्त होंगे।
अरुण कुमार सिंह : जून 2023 में रिटायर होंगे।
केके खंडेलवाल : जुलाई 2022 में सेवानिवृत्त होंगे।