छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज के बेटे हर्ष की हालत में सुधार, हार्ट अटैक के बाद रांची में चल रहा इलाज
सिविल सर्विसेज बॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने आई छत्तीसगढ़ टीम के मैनेजर के रुप में हर्ष रांची आए हैं। शनिवार को मैच के दौरान अचानक हर्ष साहू को हार्ट अटैक हुआ था।
रांची, जासं। राजधानी रांची के मेडिका में चिकित्सारत हर्ष साहू की तबीयत में सुधार हो रहा है। वे छत्तीसगढ़ सरकार में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के पुत्र हैं। बताते चलें कि सिविल सर्विसेज बॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने आई छत्तीसगढ़ टीम के मैनेजर के रुप में हर्ष रांची आए हैं। शनिवार को मैच के दौरान अचानक हर्ष साहू के हार्ट में शिकायत होने के कारण मेडिका मे भर्ती किया गया था।
डॉ. अनुपम की देखरेख में हर्ष साहू का इलाज चल रहा है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री रविवार को मेडिका में अपने पुत्र के पास बैठे रहे और डाक्टरों से बेटे का हाल लेते रहे। शनिवार रात्रि आठ बजे स्पेशल विमान से ताम्रध्वज साहू रांची पहुंच गये थे। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में डटे रहे। इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने भी हर्ष साहू का कुशल क्षेम पूछा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष चरण दास महंत, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अजय शर्मा ने भी फोन कर हर्ष साहू के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस बीच गुजरात ओबीसी के चेयरमैन प्रमोद मोरे, एआइसीसी के अर्जुन सिंह भी रांची पहुंचे एवं मेडिका पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।