Chhath Puja Weather Forecast: छठ पर्व में रहेगी कनकनी, न्यूनतम तापमान गिरने का अनुमान
Chhath Puja Weather Forecast झारखंड में पूरे दिन आसमान में बादल रहने के आसार हैं। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और पारा गिर सकता है। पिछले 36 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
रांची, जासं। रांची सहित आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह से आसमान में बादल छाये हुए हैं। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों तक बादल बने रह सकते हैं। अगले तीन दिनों में पारा नीचे आ सकता है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं। सूर्य उपासना के पर्व छठ पर संध्या व प्रात:कालीन अर्घ्य के दौरान बादल रहने के आसार हैं।
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान यथावत बना रहा। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हवा में आर्द्रता अधिकतम 74 फीसद तथा न्यूनतम 55 फीसद दर्ज की गई है। इसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।
थोड़ी सी लापारवाही पड़ सकती है भारी
बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। रिम्स के फिजिशियन डॉ बी कुमार के अनुसार, ठंड ने दस्तक दे दी है। बावजूद लोग अभी स्वेटर जैकेट नहीं पहन रहे हैं। उन्होंने लोगों को गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। डॉ बी कुमार ने बताया कि अमूमन देखा जाता है कि लोगों की लापरवाही ही उन्हें बीमार करती है।
पिछले दो दिनों में बदलते मौसम के कारण अस्पताल पहुंचने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम के करवट बदलते ही बीमारी का प्रकोप बढ़ जाता है। ठंड के इस शुरुआती मौसम में दिल, दमा और फेफड़े से संबंधित बीमारियां बढ़ जाती हैं। बुजुर्गों में जोड़ों की समस्या भी देखने को मिलती है। ऐसे में इस बदलते मौसम में बचाव व सावधानी ही एकमात्र उपाय है।