चतरा, जासं। Chatra Zilla Parishad President, Vice President Chunav झारखंड के चतरा जिले में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव रोचक रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। गैर दलीय आधार के चुनाव को अप्रत्यक्ष रूप से दलीय बना दिया गया था। एक तरफ भाजपा की प्रतिष्ठा दावं पर लगी थी, तो दूसरी ओर राज्य की सत्ता पर आसीन राजद व दूसरे सहयोगी की प्रतिष्ठा थी। दोनों के बीच खेमाबाजी इतना जबर्दस्त था कि यह कहना मुश्किल हो रहा था कि जीत भाजपा समर्थित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की होगी अथवा राजद समर्थितों की। हालांकि, चतरा जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में ममता कुमारी निर्वाचित हुई है। ममता कुमारी राजद समर्थित उम्मीदवार हैं। ममता को 10 और भाजपा समर्थित निशा कुमारी को नौ वोट मिले हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव ने जीत का प्रमाण पत्र देकर इसकी पुष्टि की है।

अध्यक्ष ममता कुमारी को जीत का प्रमाण देती उपायुक्त अंजली यादव।

उपाध्यक्ष पद पर बिरजू तिवारी निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार देवनंदन साहू को पांच वोटों के अंतर से पराजित किया। राजद उम्मीदवार बिरजू तिवारी को 12 और देवनंदन को 7 वोट मिले। इस प्रकार दोनों सीट पर राजद समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं।

निर्वाचित उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी।

बता दें कि चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिला परिषद के सदस्य डीसी आफिस पहुंच चुके थे। उसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा खेमा से निशा कुमारी संभावित उम्मीदवार थी। जबकि सत्तारूढ़ सहयोगी दल राजद की ओर से ममता कुमारी संभावित प्रत्याशी थी। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में भाजपा की ओर से देवनंदन साहु तथा और राजद की ओर से बिरजू तिवारी संभावित उम्मीदवार थे।

प्राप्त अधिसूचना के अनुसार शपथ के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 10:20 से 10:50 तक नामांकन हुआ। 10:50 से 11:10 तक नामांकन पत्रों की समीक्षा हुई, 11:10 से 11:25 तक अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई। 11:25 से 11:45 तक नाम वापसी, 11:45 से 12:15 तक मतपत्र तैयार किया गया। इसके बाद मतदान हुआ, फिर परिणाम की घोषणा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी अंजली यादव अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष को शपथ दिलाएंगी।

Edited By: Sanjay Kumar