शौच जाने के दौरान कुएं में गिरी चांदनी, बचाने गई तबीना तो वह भी गिरी; दोनों की मौत
गड़ो पंचायत अंतर्गत बरमसिया गांव में कुएं में गिरने से दो युवतियों की मौत हो गई। इनमें से एक युवती एक दिन पहले ही अपने मायके बगडो आई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों शव को कुएं से निकाल लिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रह रही।
डोमचांच (कोडरमा), संसू। झारखंड के कोडरमा जिले के गड़ो पंचायत अंतर्गत बरमसिया गांव में कुएं में गिरने से दो युवतियों की मौत हो गई। इनमें से एक युवती एक दिन पहले ही अपने मायके बगडो आई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों शव को कुएं से निकाल लिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रह रही है।
तबीना परवीन व 19 वर्षीय चांदनी प्रवीण बगड़ो की रहने वाली थी। चांदनी का विवाह हो चुका है और वह एक दिन पहले ही मायके आई थी। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में भीड़ इकठ्ठा हो गई और लोग तरह-तरह की बातें कह रहे हैं। फिलहाल घटना को लेकर पीड़ित स्वजन और स्थानीय लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
एक को बचाने के क्रम में दूसरे की गई जान
स्वजन के अनुसार, दोनों युवतियों में गहरी दोस्ती थी। दोनों बिरजामु स्थित धनमेंजरा कुआं के निकट शौच के लिए गए थे। अचानक तबीना ने चांदनी प्रवीन को कुएं में गिरते देखा। इस पर वह अपना दुपट्टा उसे देकर खींचने का प्रयास करने लगी। इस दौरान तबीना प्रवीन भी कुएं में गिर गई। उन्हें गिरते हुए छोटी बच्ची ने देख लिया और शोर मचाया। आसपास के लोगों को पता चला तो वे रस्सी लेकर कुएं पर पहुंचे। वे दोनों को निकालने की कोशिश करने लगे। हालांकि देर हो जाने के कारण दोनों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले में स्वजन से पूछताछ कर रही है।