केंद्र ने थपथपाई झारखंड की पीठ, नक्सलियों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन को सराहा
नक्सलियों के खिलाफ लगातार पुख्ता कार्रवाई के लिए झारखंड को सराहना मिली है।
रांची, राज्य ब्यूरो। नक्सलियों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन के लिए केंद्र ने राज्य के अधिकारियों की पीठ थपथपाई है। केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा ने मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी के नाम पत्र लिखकर शाबाशी दी है।
पत्र में गौबा ने लिखा है कि नक्सलियों के विरुद्ध छह माह के भीतर झारखंड के बेहतर कार्य हुए हैं। ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। नक्सल हिंसा में कमी आई है। इसके लिए राज्य पुलिस को क्रेडिट जाता है। गौबा ने राज्य पुलिस व केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को इसके लिए बधाइयां भी दी है।
उन्होंने नक्सल के विरुद्ध पुलिस-प्रशासन के इस लय को बनाए रखने के लिए कहा है ताकि झारखंड में निवेश करने वाले भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकें। बूढ़ा पहाड़, सारंडा, पारसनाथ पहाड़ी पर नक्सल विरोधी अभियान जोरदार तरीके से चलाते रहना है। वहीं पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर राज्यों की सीमा पर संयुक्त रूप से अभियान चलाना है।
केंद्रीय गृह सचिव ने पत्थलगड़ी आंदोलन पर पूरी संजीदगी से अभियान चलाने व माओवादियों के अर्थतंत्र को तोड़ने की दिशा में भी कारगर अभियान चलाने के लिए कहा है।
मुख्य सचिव का घेराव करेंगे शिक्षक
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षक 10-11 सितंबर को मुख्य सचिव का घेराव करेंगे। शिक्षक बिरसा चौक में जमा होकर प्रोजेक्ट भवन सचिवालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष का घेराव करेंगे।
संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र चौबे, महासचिव राममूर्ति ठाकुर व प्रवक्ता नसीम अहमद ने बयान जारी कर कहा है कि 13 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत शिक्षक इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं कर सकती। उनकी मांगों में प्रोन्नति नियमावली में संशोधन, स्थानांतरण नियमावली को लागू करना, अनुकंपा पर नियुक्ति तथा 1982-86 में नियुक्त शिक्षकों को भी नियुक्ति तिथि से ग्रेड वन में प्रोन्नति, ग्रेड-4 की प्रोन्नति में वार्षिक वृद्धि पर लगी रोक हटाने आदि शामिल हैं।