केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले बोले, आर्थिक आधार पर मिले आरक्षण
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की वकालत की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामचंद्र अठावले ने आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने की वकालत की है। उन्होंने एससी/ एसटी/ओबीसी के लिए देय 50 फीसद आरक्षण के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आरक्षण की मांग कर रही ऐसी विभिन्न जातियां, जिनकी वार्षिक आय 8 लाख से कम हो, उनके लिए अलग से 25 फीसद आरक्षण दिया जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने मीटू के सवाल पर कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर एमजे अकबर को त्यागपत्र दे देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से राफेल सौदे पर लगातार की जा रही बयानबाजी पर कहा कि राफेल मामले में राहुल गांधी अपनी छवि को धूमिल कर रहे हैं।
उन्होंने एससी/एसटी एक्ट में किसी तरह के बदलाव का विरोध किया।अठावले ने राम मंदिर के मामले में कहा कि इस विवाद को हिंदू-मुस्लिम मिलकर सुलझाएं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने को कहा। केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को झारखंड मंत्रालय में मीडिया से मुखातिब थे।