Move to Jagran APP

झारखंड पर्यटन : हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल और सीता फॉल में मनाइए पर‍िवार के साथ नए साल का जश्‍न

यहां की प्राकृत‍िक छटा आपका मन मोह लेगी। ऊंचाई से ग‍िरते पानी की मधुर आवाज चहुंओर हर‍ियाली और च‍िड़‍ियों का कलरव यहां देखते बनता है। ऐसे तो वर्ष भर यहां लोगों का आना-जाना बना रहता है लेक‍िन नए साल पर यहां आने का मजा ही कुछ और है।

By M EkhlaqueEdited By: Published: Sun, 27 Dec 2020 03:51 PM (IST)Updated: Sun, 27 Dec 2020 03:51 PM (IST)
झारखंड पर्यटन : हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल और सीता फॉल में मनाइए पर‍िवार के साथ नए साल का जश्‍न
हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल और सीता फॉल में कुछ यूं द‍िखेंगे नजारे। जागरण

संवाद सूत्र, अनगड़ा (रांची) : अगर आप नए साल पर जश्‍न मनाने की तैयारी कर रहे हैं तो इस बार पर‍िवार के साथ हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल और सीता फॉल जरूर आइए। रांची ज‍िले के ये तीनों फॉल आपकी स्‍वागत के ल‍िए तैयार हैं। यहां की प्राकृत‍िक छटा आपका मन मोह लेगी। ऊंचाई से ग‍िरते पानी की मधुर आवाज, चहुंओर हर‍ियाली और च‍िड़‍ियों का कलरव यहां देखते बनता है। ऐसे तो वर्ष भर यहां लोगों का आना-जाना बना रहता है, लेक‍िन नए साल पर यहां आने का मजा ही कुछ और है।

loksabha election banner

ओरमांझी से करीब बीस क‍िलोमीटर दूर है हुंडरू फॉल 

रांची से अनगड़ा-गेतलसूद के रास्‍ते होते हुए 41 क‍िलोमीटर दूर है। वहीं, ओरमांझी से हुंडरू फॉल की दूरी 22 किलोमीटर है। जोन्हा स्कूल मोड़ से सिंगारी-कुच्चू होते हुए 17 किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पहुंचा जा सकता है। हुंडरू फॉल के पास स्वर्णरेखा नदी पर पुल बन जाने के कारण फॉल तक पहुंचने के अनेक रास्ते हो गए हैं। सभी ओर से आने के रास्ते चकाचक हैं। जेटीडीसी व स्थानीय पर्यटन म‍ित्र यहां आने वाले पर्यटकों का स्वागत करते हैं। ध्‍यान रहे क‍ि यहां पेयजल को सुविधा नहीं है। शौचालय, चिल्ड्रेन पार्क, शॉपिंग क्योस्क, फूड क्योस्क, गजिबो, एडवेंचर पार्क, चिल्ड्रेन पार्क आद‍ि की सुविधा है। स्थानीय दुकानों में वेज और नानवेज भोजन उपलब्ध रहता है। साफ-सफाई के मामले में हुंडरू फॉल पूरे झारखंड में अव्वल है। यहां 327 फीट की ऊंचाई से ग‍िरते हुए झरने का आनंद उठा सकते हैं। 

डेंजर जोन : हुंडरू फॉल में साहेब चिपुवा दह, भंडार दह, मनतू मारा, योगिया दह स्पॉट को डेंजर जोन घोषित किया गया है। यहां पर पानी की गहराई 40-45 फीट है। डेंजर जोन वाले स्‍थानों पर लाल झंडा व चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। यहां लाइफ गार्ड मुस्तैद रहते हैं।

शुल्क : पर्यटकों का पंजीयन शुल्क सात रुपये है। दो पह‍िया वाहन पार्किंग के ल‍िए 12 रुपये देने होते हैं। तीन पह‍िया और चार पहिया वाहन के ल‍िए 25 रुपये शुल्‍क देय है। बस खड़ी करने का शुल्‍क 100 रुपये है। जीपलाइन में वनवे का भाड़ा दो सौ रुपये और टू वे का भाड़ा तीन सौ रुपये है। एडवेंचर पार्क में शुल्‍क बीस रुपये है। सिकिदिरी पुलिस, स्थानीय ग्रामीण व पर्यटनमित्रों द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम क‍िए गए हैं।

रांची-मुरी मार्ग में 37 क‍िलोमीटर दूर है जोन्हा फॉल

रांची-मुरी मार्ग में अनगड़ा-अमरूद बगान होते हुए 37 किलोमीटर दूर है जोन्‍हा फॉल। अमरूद बगान से पांच किलोमीटर दूरी है। गौतमधारा के पास रेल लाइन के दाएं कुछ दूर कच्ची सड़क होते हुए कोयनारडीह पथ से सीधे फॉल तक आप पहुंच सकते हैं। इस ओर से आने पर वन विभाग की ओर से कई गजीबो बनाए गए हैं। साथ ही सीमेंटेड बेंच बनाकर फॉल की सुंदरता को बढ़ा दिया गया है। यहां 144 फीट की ऊंचाई से ग‍िरते पानी का आनंद उठा सकते हैं।

सुविधा : शौचालय व पेयजल के लिए पानी की व्यवस्था की गई है। शाप‍िंंग क्योस्क, फूड क्याेस्क, गजिबो, एडवेंचर पार्क, हाई रोप कोर्स, लॉ रोप कोर्स, चिल्ड्रेन पार्क आद‍ि की सुविधा उपलब्ध है। स्थानीय होटलों में वेज और ननवेज दोनों तरह के भोजन उपलब्ध रहते हैं। पार्किंग की व्यवस्था है। यहां भी हुंडरू फॉल की तरह ही शुल्‍क ल‍िए जाते हैं। अनगड़ा पुलिस व स्थानीय पर्यटनमित्र यहां सुरक्षा में मुस्‍तैद रहते हैं। जगह जगह गाइड और गोताखोर भी म‍िल जाएंगे। झरना के पास एकमात्र डेंजर जोन है।

170 फीट ऊंचाई से ग‍िरते पानी का आनंद दे रहा सीता फॉल

जोन्हा फॉल के रास्ते में गौतमधारा से बाएं करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय कर आप यहां पहुंच सकते हैं। यहां तक पहुंचने के लिए शानदार सड़क उपलब्‍ध है। आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होती है। इस फॉल को अभी विकसित करने की कवायद चल रही है। कई चीजों का यहां न‍िर्माण होना है। यहां पर 170 फीट की ऊंचाई से पानी गिरता है। इसे देखकर आप मोह‍ित हो उठेंगे। जोन्‍हा फॉल जाने वाले पर्यटक यहां आना नहीं भूलते हैं। इसल‍िए आप भी एक बार यहां अवश्‍य पधार सकते हैं। 

सुविधा : हां एक बात ध्‍यान जरूर रखें, यहां सुविधाएं कम हैं। अभी सिर्फ शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की गई है। पार्किंग की यहां सुविधा नहीं है। सुनसान जंगल में जाने की मनाही है। बिजली के तार और पोल पहुंच गए हैं, बिजली अभी नहीं पहुंची है। कोई व्यू प्वाइंट नही है। झरना के पास डेंजर जोन है। यहां द‍िन में ही घूमना ठीक रहेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.