बीटेक छात्रा हत्याकांड: बहुचर्चित बूटी मर्डर केस में CBI डीएसपी परवेज आलम का क्राॅस एग्जामिनेशन
15 दिसंबर 2016 की देर रात बीटेक छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। सीबीआइ ने बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय निवासी राहुल को आरोपित बनाया है।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची के बूटी बस्ती की बीटेक छात्रा हत्याकांड में बुधवार को सीबीआइ के विशेष जज एके मिश्रा की अदालत में केस के आइओ परवेज आलम से प्रतिपक्ष के अधिवक्ता ने क्रास एग्जामिनेशन किया। परवेज आलम सीबीआइ में डीएसपी हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि 10 सितंबर 2018 को केस का चार्ज मिला। तकनीकी अनुसंधानकर्ता रहे आरएस सोलंकी व स्वतंत्र गवाह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परवेज ने अदालत को बताया कि जिस समय वे घटनास्थल पहुंचे रूम में ताला लगा हुआ था। आरोपित रोहित के दोस्त अक्षय उर्फ बंटी से उसका मोबाइल नंबर मिला। मोबाइल के सीडीआर में घटना के वक्त आरोपित का मोबाइल का लोकेशन आसपास ही दिखा रहा था। इस आधार पर जांच आगे बढ़ी। गुरुवार को भी क्रास इग्जामिनेशन होगा।
क्या है मामला
15 दिसंबर 2016 की देर रात बीटेक छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। सीबीआइ ने बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय निवासी राहुल को आरोपित बनाया है। उसे 22 जून को लखनऊ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर रांची लाया गया था। 19 सितंबर को अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।