विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दर्जी की बेटी और पिता को खो चुके रुद्र ने सीए इंटर में गाड़े झंडे, अभावों को पछाड़कर बुलंदियों पर रांची के युवा

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:55 PM (IST)

सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें रांची के रुद्र राज डौन ने पहला स्थान हासिल किया। ...और पढ़ें

सीए इंटरमीडिएट रांची टॉपर रुद्र राज डौन ने आर्थिक बाधाएं पार कर हासिल किया मुकाम।

सीए इंटरमीडिएट रांची टॉपर रुद्र राज डौन ने आर्थिक बाधाएं पार कर हासिल किया मुकाम।

HighLights

  1. रुद्र राज डौन बने सीए इंटरमीडिएट रांची के टॉपर।

  2. टेलर की बेटी तंजील कौशर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

  3. आर्थिक चुनौतियों के बावजूद छात्रों ने पाई बड़ी सफलता।

जागरण संवाददाता, रांची। सीए इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट गुरुवार को जारी हो गया। रांची सेंटर से पांच विद्यार्थी सबसे आगे रहे हैं। इसमें पहला स्थान प्राप्त किया है रूद्र राज डौन, दूसरे स्थान पर तंजील कौशर, तीसरे स्थान पर सिद्धार्थ जैन, चौथे स्थान पर दक्ष खोवाल और पांचवें स्थान पर आर्यन कुमार मिश्रा रहे।

टॉपर का कहना है कि लगातार पढ़ने से ही सफलता पायी जा सकती है। इसमें रूद्र ने आर्थिक परेशानियों को पार करके ये मुकाम हासिल किया, वहीं दूसरे स्थान की तंजील कौशर के पिता टेलर का काम करते हैं।

आर्थिक परेशानी को पीछे छोड़ रूद्र राज बने टॉपर

रांची के मेन रोड़ के रहने वाले रूद्र राज डौन 600 में 423 अंक लाकर रांची सेंटर के पहले टॉपर बने हैं। इनके पिता का देहांत आठ साल पहले हो गया था। इनकी माता वरनाली डौन ने इनके पढ़ाई का खर्च उठाया और इन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। इस दौरान आर्थिक परेशानी भी आयी, लेकिन इन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

मारवाड़ी कालेज से बीकाम की पढ़ाई कर रहे रूद्र ने बताया कि अगर आप लगातार पढ़ाई करते हैं और इसके साथ अपना फोकस कोर्स पर रखते हैं तो आपको सफलता जरूर हासिल होती है। अब ये सीए फाइनल की तैयारी में जुट गए हैं।

डोरंडा के टेलर की बेटी तंजीम बनी है दूसरी टॉपर

डोरंडा के मणिटोला में रहने वाली तंजीम कौशर के पिता जमील अहमद टेलर का काम करते हैं। घर में आर्थिक परेशानी भी थी और इसके बाद भी तंजीम ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। डोरंडा कालेज से बीकाम की पढ़ाई कर चुकी तंजीम का कहना है कि पहले ही प्रयास में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है।

उन्होंने 600 में 364 अंक हासिल किया है। वहीं 12वीं में कामर्स की पढ़ाई करने के दौरान ही सीए बनने का सपना देखा था। इसके लिए नौ से 10 घंटे की पढ़ाई की और अपने विषय पर फोकस रखा।

तंजीम बताती है कि घर में परेशानियां थी और किताबें खरीदने में परेशानी होती थी, लेकिन पिता हमेशा पढ़ने के लिए प्रेरित करते रहे। इस वजह से मैं ये मुकाम हासिल कर सकी हूं।

मेन रोड के रहनेवाले सिद्धार्थ ने बिना कोचिंग पाई सफलता

रांची के मेन रोड के रहने वाले सिद्धार्थ जैन का कहना है कि मैंने सीए इंटरमीडिएट की तैयारी खुद से की है और जरूरत पड़ने पर आनलाइन क्लास का सहारा लिया। इन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सात से आठ घंटे की पढ़ाई की।

इनका कहना है कि पढ़ाई के लिए आपको लगातार जुटना पड़ता है। सबसे पहले कान्सेप्ट समझे और इसके बाद पढ़ाई शुरू करें। ये संत जेवियर्स कालेज से बीकाम की पढ़ाई कर रहे हैं। सिद्धार्थ ने 600 में 352 अंक हासिल किया है।

यह भी पढ़ें- सीए रिजल्ट: रांची केंद्र से रूद्र राज 423 अंकों के साथ पहले स्थान पर, देश में राजेश शाह और साक्षी चांडक टॉपर