पूजा-छठ पर रांची से घर जाना हुआ महंगा: बसों का किराया दोगुना, सीटें भी फुल
दुर्गा पूजा के उत्साह के बीच रांची से सिलीगुड़ी और कोलकाता जाने वाली बसों का किराया दोगुना हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
रांची से सिलीगुड़ी-कोलकाता बस किराया दुर्गा पूजा में दोगुना हुआ।
त्योहारों के कारण यात्रियों को महंगे टिकट और सीट की कमी।
छठ पूजा के लिए भी बिहार-यूपी बसों का किराया बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा के उत्साह के बीच राजधानी रांची से दूसरे शहरों में जाने वाले यात्रियों की जेब पर महंगाई की मार पड़ रही है।
रांची से सिलीगुड़ी और कोलकाता जाने वाली बसों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में करीब दोगुना तक हो गया है। वहीं, बसों में सीटों की उपलब्धता भी लगातार कम हो रही है।
यात्रियों को ऑनलाइन बुकिंग में सीट नहीं मिलने पर बस टर्मिनल पहुंचकर महंगे दाम पर टिकट खरीदना पड़ रहा है। वहीं, रांची के बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा से सिलीगुड़ी के लिए प्रतिदिन सात बसों का संचालन होता है।
दुर्गा पूजा के दौरान इन बसों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। जानकारी के अनुसार, अधिकांश बसों में केवल दो से चार सीटें ही खाली बच रही हैं।
इन सीटों के लिए भी यात्रियों से सामान्य से काफी अधिक किराया वसूला जा रहा है। सामान्य दिनों में सिलीगुड़ी का किराया 900 से 1200 रुपये के बीच रहता है, जबकि अभी एक सीट के लिए 1850 से 2000 रुपये तक देने पड़ रहे हैं।
छठ के लिए अभी से ऑनलाइन बुकिंग
दुर्गा पूजा के बाद अब छठ पूजा को लेकर भी बसों में सीटों की मांग बढ़ने लगी है। पटना, मुजफ्फरपुर, नवादा, बिहारशरीफ, फतुहा, बनारस, हाजीपुर और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर समेत कई शहरों के लिए ऑनलाइन बुकिंग जारी है।
बस एजेंटों के अनुसार, कई सेवाओं में आफलाइन बुकिंग बंद है। उन्होंने आशंका जताई कि छठ पूजा के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली बसों का किराया भी दोगुना तक हो सकता है।
एजेंटों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से बस संचालकों के लिए यह कमाई का प्रमुख समय होता है।
यह भी पढ़ें- रांची में 10 कोचिंग और हॉस्टल पर निगम का शिकंजा, 24 घंटे में सील करने का निर्देश
सिलीगुड़ी में मेरा पूरा परिवार रहता है और वह काम के सिलसिले में रांची में रहते हैं। रविवार को परिवार के साथ दुर्गा पूजा मनाने के लिए उन्हें सिलीगुड़ी जाना था। आनलाइन टिकट नहीं मिलने के बाद वह खादगढ़ा बस टर्मिनल पहुंचे, जहां शिवम बस में टिकट के लिए 2000 रुपये देने पड़े। उन्होंने कहा कि ट्रेन में काफी परेशानी होती है, जबकि बस सीधे सिलीगुड़ी पहुंचाती है। हालांकि, त्योहार के नाम पर इस तरह मनमाना किराया वसूलना उचित नहीं है।
राजेश बनर्जी, यात्री
अपने छोटे भाई के साथ सिलीगुड़ी स्थित ससुराल जा रहा हूं। हर साल दुर्गा पूजा के दौरान वहां के प्रसिद्ध पूजा पंडालों को देखने जाता हूं। पहले उन्हें सिलीगुड़ी जाने के लिए 900 से 1200 रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन इस बार एक सीट के लिए 1850 रुपये देना पड़ा है। इससे अर्थिक परेशानी होती है।
सुनील कुमार, यात्री
