बोकारो और हजारीबाग कोषागार घोटाला: उपायुक्तों से उच्चस्तरीय कमेटी करेगी पूछताछ, करोड़ों की हुई है अवैध निकासी
Hazaribagh Treasury Scam: राज्य सरकार ने बोकारो और हजारीबाग कोषागार से 25 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी को ...और पढ़ें

बोकारो जिला कोषागार कार्यालय। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बोकारो, हजारीबाग कोषागार से 25 करोड़ की अवैध निकासी।
वित्त विभाग की उच्चस्तरीय समिति कर रही है जांच।
उपायुक्तों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मांगी जानकारी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के बोकारो और हजारीबाग जिले के कोषागार से अवैध निकासी को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। दोनों जिलों में अवैध निकासी की राशि 25 करोड़ रुपये से ज्यादा का अनुमान है। इस मामले की जांच वित्त विभाग की उच्चस्तरीय कमेटी कर रही है।
23 को बोकारो तो 24 को हजारीबाग डीसी से पूछताछ
ट्रेजरी से अवैध निकासी की जांच कर रही टीम को वित्त विभाग, महालेखाकार और अंकेक्षण निदेशालय से रिपोर्ट मिलने के बाद तमाम सूचनाओं का मिलान किया जा रहा है। इन सूचनाओं के आधार पर कुछ और भी जानकारियां मांगी गई हैं। जांच दल के अध्यक्ष अमिताभ कौशल गुरुवार 23 अप्रैल को बोकारो और 24 अप्रैल को हजारीबाग डीसी से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से घोटाले से संबंधित जानकारी हासिल करेंगे।
फिलहाल बोकारो और हजारीबाग के मामले की जांच
दोनों उपायुक्तों को इस संदर्भ में सूचित कर दिया गया है। इन्हें तमाम साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। बोकारो और हजारीबाग को छोड़कर अन्य जिलों में घोटाले से संबंधित जांच अभी शुरू नहीं हुई है। उच्चस्तरीय कमेटी ने मंगलवार को भी बैठक की और विभिन्न बिंदुओं पर विभागों से एक बार फिर जानकारी तलब की गई हे।
पूरे प्रकरण में रांची और रामगढ़ में भी भले ही वेतन घोटाले के तार जुड़ रहे हैं। जांच दल ने इन जिलों से कोई रिपोर्ट अभी नहीं मांगी है। इसके पूर्व कुछ और जिलों में भी इस तरह के घोटाले की बातें सामने आई थी। लेकिन इस बात को अभी जांच के दायरे में शामिल नहीं किया गया है। जांच दल को प्राप्त आदेश में बोकारो और हजारीबाग जिलों का ही जिक्र है।
