गर्ल्स हॉस्टल में सरेआम चाकू लेकर घूमती थी बोकारो की मेडिकल छात्रा... डॉक्टरी पढ़ते-पढ़ते दिमाग खराब...
Bokaro News RIMS Ranchi झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स रांची से निराश करने वाली खबर है। यहां गर्ल्स हॉस्टल में खुलेआम हाथों में चाकू लेकर घूमने वाली एक मेडिकल छात्रा को मानसिक इलाज के लिए सीआइपी में भर्ती कराया गया। वह बोकारो की रहने वाली है।
रांची, जासं। Bokaro News, RIMS Ranchi झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान, रिम्स रांची से निराश करने वाली खबर है। रिम्स गर्ल्स हॉस्टल की एक छात्रा को गुरुवार को केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी) में भर्ती कराया गया। उक्त छात्रा करीब दस वर्षो से एमबीबीएस की छात्रा है, लेकिन लगातार असफल होने के कारण वह तनाव में थी। बीते कुछ दिनों से उसकी स्थिति काफी बिगड़ रही थी। मानसिक रूप से बीमार होने के बाद वह पूरे हॉस्टल में चाकू लेकर घूमती थी। छात्राओं ने कई बार उसे चाकू लेकर घूमते देखा था। हास्टल की बाकी छात्राओं में भी भय का माहौल था। जिसके बाद छात्राओं ने हास्टल वार्डन को जानकारी दी। फिर वार्डन के साथ छात्राओं ने चिकित्सा अधीक्षक को इससे अवगत कराया।
इधर, तीन दिन पहले डीन डा हिरेन बिरूआ ने डालसा को पत्र लिखकर पीएलवी अनीता यादव से मदद लेकर उसे सीआईपी में भर्ती कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद गुरुवार को सारी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब दो बजे सीआईपी में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि छात्रा बोकारो की है। परिजन को सूचना मिलने के बाद वे सीआईपी पहुंच गए।
हाथ में चाकू लिए घुमने की सूचना के बाद मची हड़कंप
छात्रा के हाथों में चाकू लेकर घुमने की खबर मिलने के बाद अन्य छात्राएं काफी भयभित रही। एक छात्रा के पीछे चाकू लेकर उसे दौड़ाया भी गया। सभी ने इसकी शिकायत वार्डन से पहले की, जिसके बाद उस छात्रा को लेकर सभी गंभीर हुए। हालांकि छात्रा ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया लेकिन वो लगातार चाकू पकड़े हुए उग्र होती रही। इसके बाद सीआईपी से उसे ले जाया गया जहां डाक्टरों ने तुरंत भर्ती करने की सलाह दी।