Move to Jagran APP

BJP Jharkhand Protest: भाजपा कार्यकर्ताओं ने बनाई मानव श्रृंखला, हेमंत सरकार की नीतियों का कर रहे विरोध

भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर इकाई की ओर से शनिवार को मोरहाबादी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है।

By Brajesh MishraEdited By: Published: Sat, 21 Aug 2021 12:09 PM (IST)Updated: Sat, 21 Aug 2021 02:16 PM (IST)
BJP Jharkhand Protest: भाजपा कार्यकर्ताओं ने बनाई मानव श्रृंखला, हेमंत सरकार की नीतियों का कर रहे विरोध
भाजपा के विरोध प्रदर्शन में शामिल प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश,राष्ट्रीय प्रवक्ता सह राज्यसभा सांसद जफ़र इस्लाम। जागरण

रांची, जासं। भाजपा आज पूरे झारखंड में हेमंत सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया जा रहा है। इधर, भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर इकाई की ओर से शनिवार को मोरहाबादी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। राज्य सरकार हर मोर्चें पर विफल है। जनता बेहाल है। चौतरफा हाहाकार है। शासन जनता के मुद्दों से भटक गया है। निर्दोष लोगों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। वाइस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह राज्यसभा सांसद जफर इस्लाम, सहित तमाम विधायक, वार्ड पार्षद, सभी मोर्चा व मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए।

loksabha election banner

बता दें कि भाजपा आज राज्‍य के 264 प्रखंड व 3 महानगरों में मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जता रही है। दीपक प्रकाश ने कहा है कि सरकार के कुंभकर्णी निंद्रा तोड़ने के लिए प्रदेश के सभी प्रखंडों में मानव श्रृंखला बनाई जा रही है। साथ ही उन्होंने पीड़ित, शोषित, वंचित, किसान, युवा, बेरोजगार, महिला, संविदाकर्मी से भी इस मानव श्रृंखला में भाग लेने का आग्रह किया है।

मुरी में भारतीय जनता पार्टी सिल्ली मंडल अध्यक्ष विनोद साहू के नेतृत्व में सिल्ली प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री हेमत सरकार मुर्दाबाद का नारा लगाया गया और बेरोजगार युवकों को रोजगार दें, खनिज पदार्थ में जो लूट मची हुई है, उसे सुधारें, भ्रष्टाचार खत्म करें आदि का नारा लगाया।

रांची में प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा

सीपी सिंह : पिछले 19 माह में सरकार ने कभी जनता के हितों में काम नहीं किया। राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा, बात करेंगे 1932 के खतियान की लेकिन जब लूटने की बात आएगी तो मुंबई वालों को बुला लेंगे। इनके खाने के दांत अलग है और दिखाने के अलग। आज जनता त्रस्त है। भाजपा सशक्त विपक्ष होने के नाते सरकार के खिलाफ लगातार आवाज उठाने का काम कर रही है।

जफर इस्लाम : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने कहा, यह सरकार आदिवासियों की चिंता बिल्कुल नहीं कर रही है। यहां लॉ एंड ऑर्डर बिल्कुल खत्म हो चुका है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, बिचौलिए हावी हैं। हेमंत सरकार ने तमाम वादे किए थे लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया हेमंत सोरेन को सरकार में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

दीपक प्रकाश : कांग्रेस, झामुमो और राजद के तिगड़ी झारखंड को लूटने का काम कर रही है। 19 महीने की सरकार 19 किलोमीटर सड़क तक नहीं बना सकी। 19 बिजली के खंभे नहीं लगा सकी, इन खम्बों में 19 बल्ब नहीं बदल सकी। इस सरकार में राज्य को लूटने की छूट है। बालू से लेकर आयरन ओर और कोयले की तस्करी की छूट सरकार ने दे रखी है। शराब बिचौलियों के हाथ में है, इससे राज्य को ₹ 150 करोड़ के राजस्व की हानि होगी। देश की यह पहली सरकार रही जिसने कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों को बचाने का नहीं बल्कि कफन बांटने का काम किया। इस जनविरोधी सरकार को मैं चुनौती देता हूं जरा भी नैतिकता है तो रूपा तिर्की मामले की सीबीआई जांच कराए। कहा, भाजपा के 142 कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाने का काम इस सरकार ने किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.