विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के हरमू चौक का नाम बदलने पर सियासी बवाल, भाजपा ने किया 'विकसित भारत संकल्प चौक'; कांग्रेस का कड़ा विरोध

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:31 PM (IST)

भाजपा ने रांची के हरमू चौक का नाम बदलकर 'विकसित भारत संकल्प चौक' किया है, जिसका उद्देश्य 2047 तक विकसित ...और पढ़ें

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, हर दिन विकसित भारत के संकल्प की याद दिलाएगा यह स्थल।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, हर दिन विकसित भारत के संकल्प की याद दिलाएगा यह स्थल।

HighLights

  1. भाजपा ने हरमू चौक का नाम 'विकसित भारत संकल्प चौक' रखा।

  2. 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना।

  3. कांग्रेस ने नाम बदलने पर आपत्ति जताई, अनुमति मांगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा ने रांची के हरमू चौक का नामकरण विकसित भारत संकल्प चौक किया है। वहीं कांग्रेस ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।

बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित सैकड़ों लोग चौक पर पहुंचे और इसका नामकरण विकसित भारत संकल्प चौक किया।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। स्वतंत्रता के 100 वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को एक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना केंद्र सरकार सहित देश के हर नागरिक का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य के लिए देश के 140 करोड़ लोगों की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरमू चौक का नामकरण विकसित भारत संकल्प चौक किया गया है। अब यह चौक हमें हर दिन विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के हर वर्ग की इसमें भागीदारी होगी। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करना विकसित भारत की यात्रा के महत्वपूर्ण आधार हैं।

हरमू चौक का नाम बदलने पर कांग्रेस को आपत्ति, किसी की जागीर नहीं यह

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा नेताओं के द्वारा हरमू चौक का नाम बदलने की कोशिश पर कड़ी आपत्ती दर्ज कराई है। इस प्रकरण पर राकेश सिन्हा ने भाजपा नेताओं से पूछा है कि किसकी अनुमति से नाम बदलने की साजिश रची गई और उन्होंने सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बगैर बोर्ड लगाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

ज्ञात हो कि हरमू चौक पर भाजपा नेताओं ने विकसित भारत संकल्प सेवा चौक का बोर्ड लगाया था। राकेश सिन्हा ने कहा कि हरमू चौक किसी की जागीर नहीं है, यह जनता का सार्वजनिक स्थल है और इसके नामकरण का अधिकार किसी राजनीतिक दल के पास नहीं है।

भाजपा यदि यह दावा कर रही है कि हरमू चौक का नाम बदल दिया गया है तो नामकरण का सरकारी आदेश, अधिसूचना और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति तत्काल सार्वजनिक करे। अगर आदेश है तो दिखाइए, और अगर आदेश नहीं है तो यह साफ किया जाए कि भाजपा ने किस अधिकार से सरकारी/सार्वजनिक स्थल पर अपना बोर्ड लगा दिया?”

राकेश सिन्हा ने कहा कि यह केवल एक बोर्ड का मामला नहीं है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति और प्रशासनिक प्रक्रिया की पारदर्शिता का सवाल है। रांची नगर निगम को यह स्पष्ट करना होगा कि बोर्ड लगाने की अनुमति किसने दी और किस नियम के तहत दी।

अगर बिना अनुमति बोर्ड लगाया गया है तो प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह तत्काल बोर्ड हटाए और नियमों के अनुसार कार्रवाई करे। निगम प्रशासन की चुप्पी इस पूरे मामले को और गंभीर बनाती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और ‘विकसित भारत’ के नारे को बोर्ड पर लिख देने से किसी राजनीतिक कार्यक्रम का नाम सार्वजनिक चौक का वैधानिक नाम नहीं बन जाता। नामकरण कानून और निर्धारित प्रक्रिया से होता है, राजनीतिक घोषणा से नहीं।