भाजपा ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा, संक्रामक रोग अध्यादेश वापस लेने का बनाया दबाव
रांची झारखंड संक्रामक रोग अध्यादेश राज्य में लागू होने से पहले ही विवादों में उलझ गया है। भाजपा ने रविवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से अध्यादेश का विरोध किया और इसे वापस लेने की मांग की।
रांची : झारखंड संक्रामक रोग अध्यादेश राज्य में लागू होने से पहले ही विवादों में उलझ गया है। भाजपा ने रविवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से अध्यादेश का विरोध किया और इसे वापस लेने की मांग की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के तुगलकी फरमान की हद हो गई है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मास्क नहीं लगाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना या दो साल की जेल की सजा राज्य की जनता के दमन का रास्ता खोलती है। सरकार गरीब, मजदूर, किसान, बेरोजगार के दर्द को नहीं समझती। प्रधानमंत्री ने लगातार फेस कवर के रूप मे तौलिया, गमछा, रुमाल, ओढ़नी आदि के प्रयोग पर जोर दिया है, परंतु राज्य की हेमंत सरकार मास्क का अध्यादेश लाकर जनता का भयादोहन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की जनता की भावनाओं के साथ है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी एवं उन्होंने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से हेमंत सरकार के अध्यादेश को निरस्त करने की मांग की है। कहा, पार्टी केवल बयानों पर चलने वाली सरकार के मुखौटे को उखाड़ने का कार्य करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य कैबिनेट का निर्णय गलत है। लोकतंत्र में ऐसे निर्णय का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे ऐसे अध्यादेश पर राज्यहित में सरकार को निर्देशित करें, ताकि राज्य के गरीब, मजदूर, किसान सहित सवा तीन करोड़ जनता का दमन रुक सके। उन्होंने राज्य सरकार से अपने फैसले को वापस लेने की अपील की।
-------------