यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झारखंड विस: भाजपा विधायक ढूलू महतो सस्पेंड, JPSC Mains पर रोक के लिए हंगामा
Dhulu Mahto. झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा करने के कारण भाजपा विधायक ढूलू महतो को स्पीकर दिनेश उरांव ने निलंबित कर दिया है।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा करने को लेकर बाघमारा के भाजपा विधायक ढूलू महतो को सदन से निष्कासित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव के बार-बार समझाने के बाद भी ढूलू लगातार वेल में हो-हल्ला कर रहे थे। स्पीकर ने इस क्रम में उन्हें सदन से निष्कासित करने का फरमान सुनाया। ढूलू महतो को एक दिन के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया है। बताया गया है कि विधायक ढूलू स्पीकर के बार-बार कहने के बाबजूद सीट पर बैठ नहीं रहे थे। विस्थापन आयोग की मांग को लेकर वे सदन में उग्र हो रहे थे।
इधर बजट सत्र के चौथे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद 28 जनवरी से शुरू हो रही जेपीएससी की छठी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा पर रोक लगाने को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हुआ।विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के विधायक भी झारखंड लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।