निशा भगत की आत्महत्या पर आंदोलन तेज करेगी भाजपा, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का आह्वान
भाजपा ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन ...और पढ़ें

आज राज्य के सात जिलों में मशाल जुलूस, कल आदिवासी महिलाओं का कैंडल मार्च।
HighLights
निशा भगत को न्याय दिलाने भाजपा का चरणबद्ध आंदोलन।
10 नवंबर को सात जिलों में मशाल जुलूस निकलेगा।
18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का आह्वान।
राज्य ब्यूरो, रांची। मृत युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी आंदोलन तेज करेगी। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने सोमवार को कहा कि यह मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा है।
आत्महत्या कर चुकी निशा भगत को न्याय मिलने तक आदिवासी समाज के साथ मिलकर आर-पार की लड़ाई होगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सन्नी टोप्पो ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सात संगठनात्मक जिलों, रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च करेंगी। 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। भाजपा की तरफ से 18 नवंबर को संपूर्ण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की सीबीआइ जांच की अनुशंसा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा। सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन कर सीबीआई जांच की मांग की गई थी। भाजपा के प्रदेश संगठन प्रभारी गजेंद्र पटेल भी इस मामले में आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
आदिवासी समाज की बेटियों को मिले सुरक्षा
निशा भगत की आत्महत्या पर पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
किसी भी तरह की लीपापोती या पक्षपात की आशंका दूर करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने की लड़ाई आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी है।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही और आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों तथा युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
नेताओं ने 18 नवंबर के बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों, संगठनों, युवाओं और महिलाओं से समर्थन मांगा। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।