रांची, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे के लिए शुक्रवार को आजसू को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का बुलाया आ गया। भाजपा के शीर्ष नेताओं के बुलावे पर सुदेश देर रात दिल्ली के लिए रवाना हुए। शनिवार को वहां सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय हो जाएगा। सुदेश अपने साथ बीस सीटों की सूची और उनपर पार्टी की दावेदारी का ब्योरा साथ ले गए हैं।
हालांकि पार्टी को दस से बारह सीटें मिलने की उम्मीद है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को एनडीए गठबंधन में आठ सीटें मिली थीं। सीटों के बंटवारे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि लोहरदगा और चंदनक्यारी सीट किसके खाते में जाएगी।
भाजपा और आजसू दोनों इन सीटों की दावेदारी कर रही है और दोनों इसे छोडऩे को तैयार नहीं है। लोहरदगा में तो जहां भाजपा के दावेदार सुखदेव भगत ने नामांकन पत्र खरीद लिया है, वहीं आजसू की दावेदार नीरू शांति भगत ने 11 नवंबर को नामांकन की घोषणा कर दी है।
इन सीटों पर दावेदारी
सिमरिया, चक्रधरपुर, रामगढ़, गोमिया, बड़कागांव, टुंडी, सिंदरी, लोहरदगा, हुसैनाबाद, सिल्ली, तमाड़, जुगसलाई, हटिया, मांडू, निरसा, डुमरी, ईचागढ़, चंदनक्यारी, सिसई, सरायकेला।
Posted By: Sujeet Kumar Suman
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप