भाजपा ने फिर खोला हेमंत के खिलाफ मोर्चा, कहा- अवैध तरीके से अर्जित की जमीन Ranchi News
Jharkhand. झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने झामुमो पर सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए फिर मोर्चा खोला है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने झामुमो पर सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए फिर मोर्चा खोला है। पार्टी नेताओं ने कहा है कि झामुमो जहां लोगों के सामने रक्षक की भूमिका में है वहीं पीठ पीछे उसने लगातार जनता के अधिकारों का हनन किया है। गुमला विधायक शिवशंकर उरांव ने कहा कि झामुमो नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के नाम पर जनजातीय जमीन खरीदी है।
जो राजनीतिक दल और उसके नेता आदिवासियों के लिए जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा का दंभ भरते हैं उन्हीं के द्वारा ऐसा किया जाना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उरांव ने कहा कि जनता को दोहरे चरित्र के लोगों से सावधान रहना चाहिए। झारखंड सरकार ने कानूनी प्रक्रिया के तहत हेमंत सोरेन के परिवार द्वारा औने-पौने भाव में राजू उरांव की जमीन हासिल करने के खिलाफ कार्रवाई की है।
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाईक ने कहा कि हेमंत सोरेन ने राज्य भर में सात जिलों में कई एकड़ जमीन खरीदी है। सरकार यह जमीन वास्तविक रैयतों को लौटा दे। प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वर उरांव ने कहा कि हेमंत ने शादी के बाद गलत तरीके से अपनी पत्नी का पता भी पिता के पते पर देकर जमीन की खरीदारी की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप