चतरा में बिरहोर युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पेड़ से झूलता मिला शव
Jharkhand. बीस मार्च को पत्नी मायके बीघा गांव गई थी। जिसके कारण वह लगातार मानसिक तनाव में रह रहा था।
चतरा, जासं। चतरा सदर प्रखंड के रक्सी गांव के बिरहोर टोला निवासी स्वर्गीय बहादुर बिरहोर का पुत्र सुनील बिरहोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष की होगी। घर के नजदीक महुआ पेड़ की एक डाली से शव झूलता हुआ मिला है। आत्महत्या का कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सुनील बिरहोर की शादी हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के बीघा गांव में हुई थी।
बीस मार्च को पत्नी मायके बीघा गांव गई थी। इसी बीच नोवेल कोरोना वायरस की सतर्कता को लेकर राष्ट्रव्यापी तालाबंदी हो गई। परिणामस्वरूप पत्नी वहां से नहीं आ सकी। जिसके कारण वह लगातार मानसिक तनाव में रह रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि रात को करीब नौ बजे घर से बाहर निकला और उसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह होने फर उसका शव महुआ पेड़ पर झूलता मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सदर थाना पुलिस को दे दी है।