Murder in Ranchi: रांची में पूर्व उपमुखिया की गोली मारकर हत्या, बाइकसवार ने मारीं तीन गोलियां
Murder in Ranchi. इसाई धर्म के प्रचारक प्रकाश तिग्गा जमीन के कारोबार से भी जुड़े थे। प्रारंभिक छानबीन में जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
रांची, जेएनएन। नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम पंचायत स्थित नया सराय में गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पूर्व उप मुखिया प्रकाश तिग्गा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें एक के बाद एक तीन गोलियां मारीं। एक गोली सिर व दो गोलियां पंजरा तथा पेट में लगी। खून से लथपथ प्रकाश को रिम्स पहुंचाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रकाश तिग्गा इसाई धर्म प्रचारक भी थे और जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे।
पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे प्रकाश तिग्गा स्कूटी से नया सराय जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। जख्मी हालत में प्रकाश भागकर कलाम अंसारी के घर में बचने के लिए घुस गए। अपराधियों ने उनका पीछा किया। बचाने के क्रम में कलाम पर भी अपराधियों ने गोलियां चलाई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। आसपास के लोगों ने नगड़ी पुलिस को सूचना दी। नगड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकाश को रिम्स पहुंचाया। रिम्स में नगड़ी थानेदार संतोष पांडेय व सर्किल इंस्पेक्टर अनिल द्विवेदी आदि पहुंचे थे।
बेटी ने रिश्तेदार पर लगाया साजिश रचकर हत्या कराने का आरोप : प्रकाश तिग्गा की बेटी कुमुद तिग्गा ने अपने ही रिश्तेदार विनय तिग्गा पर जमीन संबंधित एक विवाद में साजिश रचकर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। नगड़ी पुलिस संदिग्ध आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्ट्या हत्या की वजह जमीन से जुड़ा विवाद है। हालांकि, इस मामले में थाने में पहले से कोई शिकायत दर्ज नहीं है।
चर्च से पहुंचे घर, मोबाइल पर कॉल आया तो निकल गए : प्रकाश की बेटी कुमुद के अनुसार उसके बाबा (पिता) प्रकाश तिग्गा चर्च से घर आए थे। घर आते ही उनके मोबाइल पर एक कॉल आया और उसके बाद वे स्कूटी से घर से निकल गए। थोड़ी देर बाद यानी रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि उन्हें गोली मार दी गई है। वह अपनी मां मारथा तिग्गा व पड़ोस की अन्य महिलाओं के साथ रिम्स पहुंची तो उसे अपने पिता की मौत की जानकारी मिली।