एचईसी को बंद नहीं होने देगा भारतीय मजदूर संघ, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बोले- केंद्र सरकार से हो रही वार्ता
Bharatiya Mazdoor Sangh Jharkhand Hindi News भारतीय मजदूर संघ यानि बीएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से वार्ता लगातार चल रही है। उन्होंने आज मंगलवार को धुर्वा के सरस्वती विद्या मंदिर सभागार में बीएमएस के कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित किया।
रांची, जासं। भारतीय मजदूर संघ यानि बीएमएस के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्रन ने कहा है कि एचईसी को कभी बंद नहीं होने दिया जाएगा। इसके पुनर्निर्माण एवं उत्थान के लिए संगठन लगातार केंद्र सरकार से बातचीत कर रही है। केंद्र सरकार के अधिकारियों से भी बातचीत हुई है। भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव का दौरा बीएमएस के प्रयास के कारण ही हुआ है। बीएमएस ही एकमात्र ऐसा संगठन है, जिसने समान काम के लिए समान वेतन एवं न्यूनतम मजदूरी लागू करने के लिए प्रखरता से लड़ाई लड़ी। वे मंगलवार को रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में एचईसी एवं दूसरी कंपनियों से जुड़े लोगों को संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने विशेष रूप से असंगठित क्षेत्रों एवं संगठित क्षेत्रों के ठेका मजदूरों की समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में चर्चा की। उन्होंने युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि आप चाहें तो मजदूरों की दशा और दिशा बदलने में प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि जहां भी असंगठित क्षेत्र एवं मजदूरों के सबसे निम्न तबके के लोगों का शोषण हो रहा हो, उसके खिलाफ जरूर आवाज उठाएं और उनको हमारी मुख्यधारा में शामिल करें।
उन्होंने प्रमुख रूप से असंगठित क्षेत्र के मजदूर एवं संगठित क्षेत्र में कार्यरत ठेका मजदूरों की समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पिछले पांच माह से एचईसी में वेतन नहीं मिलने की भी बात उठाई। इस पर कहा कि जल्द ही इसका समाधान होगा। इस कार्यक्रम में रांची एवं उसके आसपास के विभिन्न जिलों से काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।
उन्होंने आज की टेक्नोलॉजी, बिना मजदूर के फैक्ट्री चलाने एवं रोबोटाइजेशन से होने वाली हानि के बारे में चर्चा की एवं कहा कि केंद्र सरकार से आने वाली समस्या के बारे में चर्चा की जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष कुमार साहू एवं मंच संचालन प्रदेश संगठन मंत्री बृजेश कुमार ने किया। मौके पर क्षेत्र संगठन मंत्री गणेश मिश्रा, मजदूर संघ धुर्वा के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद, अध्यक्ष जीतू लोहरा, सुनील कुमार उपस्थित थे।