Bank Closed in March: मार्च में कई दिनों तक बंद रहेंगे बैंक, पढ़ें काम की खबर
Jharkhand. होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के बीच बैंक बंद रहने से लोगों को नगदी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। एटीएम में नगदी की कमी हो सकती है।
रांची, जेएनएन। मार्च के महीने में बैंक कई दिनों तक बंद रहेंगे। इससे आम लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। कैश ट्राजेंक्शन, चेक क्लियरेंस आदि जैसे कार्य ठप हो सकते हैं। एटीएम में नगदी की कमी हो सकती है। होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के बीच बैंक बंद रहने से लोगों को नगदी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। होली की छुट्टी 9 और 10 मार्च को है। इसके अलावा 8 मार्च को रविवार है। इस तरह से तीन दिनों तक लगातार बैंक बंद रहेंगे।
लगातार तीन दिनों तक बैंक बंद रहने से लोगों को नगदी की कमी से दो-चार होना पड़ सकता है। पूरे मार्च महीने की बात करें तो 14 और 15 मार्च को भी बैंक बंद रहेंगे। 14 को महीने का दूसरा शनिवार है। और 15 को रविवार पड़ता है। इसी तरह 28 और 29 मार्च को भी बैंक बंद रहेंगे। 28 को महीने का चौथा शनिवार है और 29 को रविवार है।
बता दें कि प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। होली की छुट्टी के साथ शनिवार और रविवार को भी जोड़ दें तो पूरे मार्च महीने में कुल मिलाकर नौ दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। यानी 31 दिन के महीने में 9 दिनों तक बैंक का कामकाज बंद रहेगा। इससे चेक क्लियरेंस और बैंक से नगदी निकालने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यहां बता दें कि बैंक से जुड़े विभिन्न संगठनों की ओर से 11 से 13 मार्च तक हड़ताल की घोषणा की गई थी। लेकिन शनिवार को मुंबई में हुई बैठक के बाद हड़ताल वापस ले लिया गया है। यह आम लोगों के लिए थोड़ी राहत की बात है। हड़ताल वापस नहीं लेने की स्थिति में मार्च महीने में 12 दिनों तक बैंक बंद रह सकते थे। जनवरी-फरवरी में भी दो दिनों की बैंक हड़ताल के कारण कामकाज प्रभावित हुआ था।
झारखंड में 10 दिनों तक बंद
झारखंड में बैंक 10 दिनों तक बंद रहेंगे। होली और शनिवार-रविवार की छुट्टी के अलावा झारखंड में मार्च महीने में सरहूल पर्व की भी छुट्टी रहेगी। सरहूल आदिवासियों का बड़ा त्योहार है। इस बार सरहूल 27 मार्च को है। झारखंड में सरहूल बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। सरहूल के अवसर पर आदिवासी समाज के द्वारा पारंपरिक परिधानों के साथ जुलूस निकाला जाता है।