बाबूलाल मरांडी ने बनाई रणनीति, हर बूथ पर रहेंगे झाविमो के 5 कार्यकर्ता Ranchi News
झाविमो कार्यसमिति की बैठक में मंच मोर्चा और जिलाध्यक्षों को टास्क मिला। मरांडी ने कहा कि 21 या 25 सितंबर को रांची के प्रभात तारा मैदान में झाविमो का बड़ा सम्मेलन होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने जिला, मंच और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों को आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लेने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि चुनाव के मैदान में पोलिंग बूथ की बड़ी भूमिका होती है। ऐसे में उन्होंने बूथों पर पांच-पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं को तैनात करने का टास्क अध्यक्षों को सौंपा। साथ ही, विधानसभावार समिति बनाने की भी बात कही। वे रविवार को केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मरांडी ने कहा कि सत्ता पक्ष द्वारा उनके विधायकों को तोड़ा गया, यह जनता जानती है। पार्टी आज भले ही कुछ मोर्चों पर कमजोर पड़ी हो, परंतु उसका आज भी जनाधार है। उन्होंने कहा कि 21 अथवा 25 सितंबर को राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में झाविमो का बड़ा सम्मेलन होगा। उन्होंने दावा किया कि यह सम्मेलन झाविमो के कुटे में आयोजित सम्मेलन का भी रिकॉर्ड तोड़ेगा, जिसमें लाख से भी अधिक लोग पहुंचे थे। इससे पूर्व 31 अगस्त को अल्पसंख्यक मोर्चा तथा आठ सितंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा के साथ मंत्रणा होगी।