Move to Jagran APP

दिल्‍ली से झारखंड लौटते ही बाबूलाल को 14 दिनों का होम क्‍वारंटाइन, निशिकांत दुबे बोले-ताबूत का आखिरी कील

दिल्ली से लौटे पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी 14 दिन होम क्वारंटाइन में रहेंगे। रविवार को रांची एयरपोर्ट पर उनके हाथ पर होम क्वारंटाइन की मुहर लगाई गई।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sun, 19 Jul 2020 10:59 PM (IST)Updated: Mon, 20 Jul 2020 06:40 AM (IST)
दिल्‍ली से झारखंड लौटते ही बाबूलाल को 14 दिनों का होम क्‍वारंटाइन, निशिकांत दुबे बोले-ताबूत का आखिरी कील

रांची, राज्य ब्यूरो। अपने दो दिनों के दिल्‍ली प्रवास के बाद रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रांची वापस लौट गए हैं। इस दौरान नई दिल्‍ली में उन्‍होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत संगठन व पार्टी के कई नेताओं से मुलाकात की। मरांडी ने इस क्रम में झारखंड की विधि-व्‍यवस्‍था से लेकर दूसरे ज्‍वलंत मुद्दों पर केंद्र सरकार से जरूरी और ठोस कदम उठाने की अपेक्षा रखी है।

loksabha election banner

इधर आज दिल्ली से वापस लौटने पर पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को रांची एयरपोर्ट पर उनके हाथ पर होम क्वारंटाइन की मुहर लगाई गई। वे अब 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहेंगे। मालूम हो कि झारखंड में कोरोना वायरस के तेजी से फैलते संक्रमण के बीच राज्‍य सरकार ने अब दूसरे प्रदेशों से आने वाले हर आम-ओ-खास के लिए 14 दिनों का क्‍वारंटाइन अनिवार्य कर दिया है।

बाबूलाल मरांडी दिल्ली से वापस लौटे, होम क्वारंटाइन में रहेंगे

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रविवार शाम वापस रांची लौटे। फिलहाल उन्हें होम क्वारंटाइन में रहना होगा। बाहर से आने वालों के लिए होम क्वारंटाइन की गाइडलाइन पहले से ही तय है लेकिन बाबूलाल का होम क्वारंटाइन होना राजनीतिक मुद्​दा भी बनता नजर आ रहा है। बाबूलाल मरांडी पिछले तीन दिनों से दिल्ली में थे जहां उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के अलावा केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल और कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।

उनका दिल्ली प्रवास पूर्व निर्धारित बताया जा रहा था लेकिन सत्ताधारी दलों विशेषकर कांग्रेस ने इसके राजनीतिक मायने बताए थे। कांग्रेस ने यह भी कहा था कि उनके दिल्ली से वापस लौटते ही उन्हें होम क्वारंटाइन किया जाए। तंज भी कसा था कि उनके दिल्ली जाने का झारखंड की जनता को कितना फायदा पहुंचेगा यह तो वक्त बताएगा लेकिन संक्रमण का खतरा जरूर बढ़ गया है। क्योंकि दिल्ली रेड जाेन में आता है।

निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा- कहीं यह ताबूत की आखिरी कील न साबित हो जाए

इधर, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बाबूलाल के होम क्वारंटाइन किए जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घबराहट का प्रमाण है कि आज उनके रांची उतरते ही उनको होम क्वारंटाइन की मुहर लगा दी। कहा, बाबूलाल कानून का पालन करने वाले गिनती के राजनीतिक व्यक्ति हैं। वे बिना मुहर के भी घर पर रहते। कहीं यह ताबूत की आखिरी कील न साबित हो जाए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.