Chhath-Puja: आस्था की डुबकी में लीन हुए छठव्रती, पूरे झारखंड में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा महापर्व
Chhath Puja 2019. राज्य के प्रत्येक हिस्से में छठ को लेकर लोग भक्ति भाव में डूबे हुए हैं। सूर्य देव की आराधना के इस पर्व में लोग अपने पूरे परिवार के साथ्ा मना रहे हैं।
रांची, जासं। छठ महापर्व पूरे झारखंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के प्रत्येक हिस्से में छठ को लेकर लोग भक्ति भाव में डूबे हुए हैं। सूर्य देव की आराधना के इस पर्व में लोग अपने पूरे परिवार के साथ्ा मना रहे हैं। तालाबों में लोग सूर्य देव की आराधना कर रहे हैं। लोग पूरे परिवार के साथ छठ घाट पहुुंचे और पूरे विधि-विधान से छठ माता की पूजा कर रहे हैं।
कुछ छठव्रती दंडवत भी घाट पहुंचे। छठ घाटों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। रांची के स्वर्णरेखा तालाब, करमटोली तालाब, गंगा मोटर घाट आदि स्थानों पर व्रती छठ माता की पूजा कर रहे हैं। अब कल रविवार को सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य के साथ्ा इस चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा। इससे पूर्व आज घरों में छठ पर्व का प्रसाद ठेकुआं बनाया जा रहा है।
इससे पूर्व शहर के छठ घाटों काे अच्छी तरह से सजाया गया। तालाबों के बाहर भी तोरण द्वारों से खूबसूरत सज्जा की गई है। तुपुदाना स्थित चंद्रशेखर छठ घाट में बैलून से बड़े ही अच्छे ढंग से सजाया गया है। तालाब के बाहर आकर्षक लाइटिंग से पूजा स्थलों को सुविधाजनक बनाया गया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धार्मिक आस्था के इस पावन पर्व की राज्यवासियों काे शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि छठ व्रतियों के तप को नमन। आप सभी महापर्व छठ की आराधना से नई शक्ति प्राप्त करें। आपके जीवन और राज्य में समृद्धि और ख़ुशहाली आए, यही सूर्यदेव से प्रार्थना है।
नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने भी छठ पर्व की लोगों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि भगवान सूर्य आप सभी की मनोकामनाएं पूरी करें एवं सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें।