करंट की चपेट में आने से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत, राजमिस्त्री झुलसा Lohardaga News
Jharkhand. आंगनबाड़ी सहायिका बारिश के कारण गड्ढे में जमे पानी से बचने के लिए बिजली के खंभे के पास से होकर गुजरी। तभी वह बिजली पोल में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई।
सेन्हा (लोहरदगा), जासं। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के नौदी गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेन्हा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि नौदी गांव निवासी स्व. चरवा उरांव की पत्नी लहसनिया देवी (40) नौदी में आंगनबाड़ी सहायिका है।
लहसनिया देवी मंगलवार की देर रात घर के बगल में किसी के यहां जा रही थी। इसी क्रम में वह बारिश के कारण गड्ढे में जमे पानी से बचने के लिए बिजली के खंभे के पास से होकर गुजरी। तभी वह बिजली पोल में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई। इससे वह अचेत हो कर गिर गई। वहां से गुजर रही एक अन्य महिला ने लहसनिया को गिरा देख कर परिजनों को मामले की सूचना दी।
इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से लहसनिया को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने लहसनिया को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन लहसनिया के शव को घर वापस ले गए। मामले की जानकारी मिलने पर सेन्हा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
बिजली करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री झुलसा
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी डांडू निवासी शकुर अंसारी का पुत्र राजमिस्त्री वसीम अंसारी 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि वसीम राहत नगर में एक निर्माणाधीन घर में लिंटन का काम कर रहा था। तभी वह घर के समीप से होकर गुजरे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से वसीम को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया। यहां वसीम का प्राथमिक उपचार किया गया। वसीम का हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गया है।