यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अध्यक्ष से खुलकर बोले भाजपाई स्वास्थ्य-बिजली में सुधार जरूरी
प्रदेश के नेताओं के साथ पहली बैठक में अमित शाह ने अपने 110 दिनों के देशव्यापी प्रवास के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए फोरम प्रदेश के नेताओं के हवाले किया।

रांची राज्य ब्यूरो। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष झारखंड के राजनीतिक हालातों से इतर जनहित से जुड़े मसलों को खुलकर उठाया। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में हुई कोर कमेटी, जनप्रतिनिधियों, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में अमित शाह ने जब कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना शुरू किया तो तमाम मसलों पर खुलकर लोगों ने अपनी बात रखी। स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की सरकार से अपेक्षा की।
प्रदेश के नेताओं के साथ पहली बैठक में अमित शाह ने अपने 110 दिनों के देशव्यापी प्रवास के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए फोरम प्रदेश के नेताओं के हवाले किया। इसके बाद बारी-बारी से 49 लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष बेबाकी से अपनी बातें रखीं। विधायक जेपी वर्मा ने पिछड़ों की आरक्षण सीमा को 14 फीसद से बढ़ाकर 27 फीसद करने की बात कही। उन्होंने आरक्षण की सीमा के दायरे को भी 50 से बढ़ाकर 67 फीसद करने को कहा।
अमित शाह ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का जिक्र करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से खारिज कर दिया। सांसद निशिकांत दुबे ने एसपीटी एक्ट में संशोधन की वकालत की। कहा, वहां गैर आदिवासी को अपनी जमीन बेचने का अधिकार होना चाहिए। भाजपा नेता विनय सिंह ने भ्रष्टाचार का मसला उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार नीचे तक फैल गया है। अब इसे लेकर गांवों में असंतोष फैल रहा है। सबसे ज्यादा मसले धनबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों के उठे।
गिरिडीह के सांसद रवींद्र पांडेय, धनबाद के विधायक राज सिन्हा, बाघमारा के विधायक ढुलू महतो और धनबाद के भाजपा जिलाध्यक्ष ने धनबाद चंद्रपुरा रेल लाइन, पीएमसीएच और आरएसपी कालेज बंद किए जाने सहित झरिया की आग से उत्पन्न राजनीतिक संकट की चर्चा की। राज सिन्हा ने कहा कि पीएमसीएच की सीटों की संख्या एमसीआइ ने 100 से घटाकर 50 कर दी है। अब डर इसकी मान्यता को भी लेकर बना हुआ है। भाजपा नेताओं ने धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में धनबाद से महज दो या तीन ट्रेने चल रहीं हैं। धनबाद से अन्य जगहों की कनेक्टिविटी लगभग खत्म हो गई है।
सरकार को जनहित में तत्काल इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करनी चहिए। इस बारे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी बात होनी चाहिए, जो कि नहीं होती। आरपीएस कालेज का जिक्र करते हुए कहा कि अखबारों में छपे समाचार से हमें यह मालूम होता है कि कालेज बंद हो रहा है।
सवालों का जवाब नहीं दे पाईं मेयर आशा लकड़ा
रांची मेयर आशा लकड़ा ने आदिवासी से इसाई बने लोगों का मसला उठाते हुए कहा कि इन्हें दोहरा लाभ नहीं मिलना चाहिए। अमित शाह ने पूछा इन्हें दोहरा लाभ कैसे मिलता है। क्या इन्हें दो स्कालरशिप मिलती है। शाह के इन सवालों का जवाब मेयर को नहीं सूझा।
शाह की नसीहत, अति उत्साह में न आएं
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अति उत्साह में न आने की नसीहत दी है। भाजपा कार्यालय में अपने उद्घाटन संबोधन में अमित शाह ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव एवं विभिन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा को जनता का अपार समर्थन प्राप्त हो रहा है लेकिन अभी सर्वोच्च स्थिति आनी बाकी है। इसीलिए हमें अति उत्साह में विश्राम करने की आवश्यकता नहीं है बल्कि और ऊर्जा के साथ संगठन को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए हमने यात्रा नहीं की बल्कि सभी प्रदेशों में संगठनात्मक प्रवास का निश्चय किया, जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे है।
सीएम समेत वरीय नेता रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश सह प्रभारी राम विचार नेताम, राष्ट्रीय पदाधिकारी, कोर ग्रुप सदस्य, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक, जिला संगठन प्रभारी, जिला अध्यक्ष-महामंत्री, महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, निगम एवं आयोग अध्यक्ष उपस्थित थे।
