विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Amit Shah: 'अगर मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा...', अमित शाह का झारखंड की जनता से सीधा सवाल

Published: Sat, 09 Nov 2024 08:18 PM (IST)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हजारीबाग और छतरपुर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने ...और पढ़ें

अमित शाह ने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। फोटो- PTI
अमित शाह ने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। फोटो- PTI

HighLights

  1. केंद्रीय गृहमंत्री ने हजारीबाग एवं छतरपुर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को किया संबोधित
  2. कभी भी किसी धर्म विशेष को आरक्षण नहीं दे सकते, संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का प्रविधान नहीं
  3. दान पत्र से भूमि देने की प्रथा समाप्त की जाएगी, घुसपैठियों को नौकरी पर हक मारने नहीं दिया जाएगा

जागरण टीम, हजारीबाग/छतरपुर (पलामू)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के रहते अल्पसंख्यकों को आरक्षण नहीं मिलेगा। कांग्रेस पार्टी आरक्षण की बात करती है, लेकिन संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रविधान नहीं है। हम कभी भी किसी धर्म विशेष को आरक्षण नहीं दे सकते। जब तक नरेन्द्र मोदी की सरकार है, हम पिछड़ों को आरक्षण का हाथ लगाने नहीं देंगे।

वह शनिवार को हजारीबाग तथा पलामू के छतरपुर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद व छतरपुर से पुष्पा देवी तथा मांडू से आजसू के निर्मल महतो के लिए समर्थन मांगा।

'उलेमाओं ने की मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग..'

गृह मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में उलेमाओं के एक समूह ने कांग्रेस को ज्ञापन देकर मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की थी। इस पर वहां की कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम इसमें आपकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा, मैं झारखंड की जनता से पूछने आया हूं कि अगर मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा तो किसका कम होगा। निश्चित रूप से पिछड़े, दलित और आदिवासियों का। हम ऐसा नहीं होने देंगे।

'कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है'

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है। जब-जब कांग्रेस शासन में आई, उसने पिछड़ों के साथ अन्याय किया। 1950 में काका कालेलकर कमीशन बना। इसकी रिपोर्ट को कांग्रेस सरकारों ने रद कर दिया। पिछड़ों को आरक्षण देने के लिए मंडल कमीशन बना। लेकिन इंदिरा गांधी व राजीव गांधी ने इसका विरोध किया। मोदीजी ने केंद्र की सभी नौकरियों व परीक्षाओं में पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया।

'रोटी, माटी और बेटी की सुरक्षा...'

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर कानून बनाकर बंगलादेशी घुसपैठियों द्वारा आदिवासी बेटियों से शादी कर उनकी जमीन हड़पने के खेल को बंद कराएंगे। रोटी, माटी और बेटी की सुरक्षा भाजपा करेगी। उन्होंने पूछा -किसी ने 350 करोड़ एक साथ देखा है क्या। कांग्रेस के सांसद के घर से 350 करोड़ पकड़ा गया।

उन्होंने कहा, आदिवासी जमीन हड़पने वाले सुन लो। अब ऐसा नहीं होगा। सरकार बनी तो कानून लाकर दान पत्र से भूमि देने की प्रथा समाप्त कर दी जाएगी। घुसपैठियों को नौकरी पर हक मारने नहीं दिया जाएगा।

हेमंत सोरेन को घेरा

उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हेमंत सोरेन को घेरा। कहा कि 1000 करोड़ का मनरेगा घोटाला, 600 करोड़ का जमीन घोटाला, 1000 करोड़ का खनन घोटाला और हजारों करोड़ का शराब घोटाला हुआ। मोदी सरकार ने 60 करोड़ गरीबों को घर दिया, पानी दिया, शौचालय दिया और पांच किलो अनाज देने का काम किया।

'मैं आपको कह कर जा रहा हूं...'

अमित शाह ने हजारीबाग के एयरपोर्ट व रामनवमी का मुद्दा भी उठाया। कहा कि एयरपोर्ट में राज्य सरकार बाधक बनी हुई है। मैं आपको कह कर जा रहा हूं कि अगर सरकार बनी तो तीन माह में एयरपोर्ट का भूमि पूजन हो जाएगा। रामनवमी में इस बार लोगों पर लाठी नहीं फूल बरसेगा। मैं स्वयं रहूंगा।

'मैं हिसाब लेकर आया हूं...'

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन हिसाब मांगते हैं। मैं हिसाब लेकर आया हूं कि 2004 से 2014 तक झारखंड को क्या मिला। यूपीए से 10 साल में सिर्फ 84 हजार करोड़ रुपये दिए। मोदी सरकार ने 10 साल में तीन लाख 90 हजार करोड़ रुपये दिए हैं।

यह चुनाव एक एमएलए के बदले दूसरा एमएलए चुनने का नहीं है। एक मुख्यमंत्री के बदले दूसरा मुख्यमंत्री चुनने का भी नहीं है। यह राज्य के भविष्य का चुनाव है। झारखंड देश का सबसे समृद्ध राज्य बन सकता है। कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार लाखों करोड़ भेजती है। लेकिन बीच में बैठी हेमंत सरकार सब खा जाती है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकें।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीयों ने बढ़ाई नेताओं की परेशानी, हॉट सीट पर सरयू Vs सरयू

ये भी पढ़ें- Deoghar Assembly Seat: देवघर में तीसरी बार BJP-RJD के बीच सीधा मुकाबला, कौन मारेगा बाजी? जानें समीकरण