Coronavirus: रांची में कोरोना से मौत के बाद हड़कंप... जमशेदपुर में एक दर्जन छात्र संक्रमित... झारखंड में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण
Coronavirus In Jharkhand झारखंड में पुन तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। जमशेदपुर के बाद अब रांची में भी कोरोना संक्रमण से एक मौत हो गई है। जमशेदपुर में तो एक ही संस्थान में एक दर्जन छात्र संक्रमित पाए गए हैं। प्रशासन ने सावधान रहने की अपील की है।
रांची, जागरण संवाददाता: जमशेदपुर के बाद रांची में भी कोरोना संक्रमण से एक मरीज की मौत की सूचना के बाद प्रशासन की नींद उड़ गई है। जब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हो रही थी, तबतक प्रशासन सक्रिय नहीं था। लेकिन जैसे ही मरीज की मौत हुई, तत्काल जिला टास्क फोर्स की बैठक बुलाकर कोरोना संबंधित तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। जिला टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को हुई। इसमें उपायुक्त छवि रंजन ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। कहा कि सामान्य स्थिति में संक्रमण से मौत गंभीर है। रांची के लोगों से उन्होंने कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलें। सैनिटाइजर और शारीरिक दूरी का पालन करें। उपायुक्त ने लोगों से कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है।
अस्पताल, बेड और आक्सीजन आपूर्ति दुरुस्त रखने की हिदायत
रांची उपायुक्त छवि रंजन ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला स्तर पर बनाए गए सभी कोषांगों के साथ बैठक की। कहा कि सभी कोषांगों को तत्काल सक्रिय किया जाए। संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिले में कोरोना की जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन और जांच सेल के पदाधिकारी से भी उन्होंने विस्तार से जानकारी ली। कई जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने बैठक के दौरान जिले में बनाए गए कोविड अस्पतालों में बेड एवं ऑक्सीजन आपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि बेड वाइज ऑक्सीजन आपूर्ति की समीक्षा करें। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को विभिन्न सामुदायिक केन्द्रों में कितनी जगह ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर हैं, कितनी जगह पाइपलाइन और सिलेंडर से ऑक्सीजन आपूर्ति हो रही है, इसकी रिपोर्ट देने को कहा है।
रांची उपायुक्त ने हर दिन रिपोर्ट से अपडेट कराने को कहा
रांची उपायुक्त छवि रंजन ने होम आइसोलेशन सेल की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रतिदिन कितने कोविड-19 मरीजों को कॉल किया जा रहा है, इसकी जानकारी दी जाए। कहा कि जिले में कितने सिंप्टोमेटिक और एसिंप्टोमेटिक मरीज हैं, डॉक्टर्स नियमित रूप से उन्हें परामर्श दे रहे हैं या नहीं, मरीजों को मेडिसिन किट मिला या नहीं और कंटेनमेंट जोन बने या नहीं, इसकी हर दिन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
सभी स्कूलों में टीकाकरण शिविर लगाने का दिया निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कोविड-19 टीकाकरण की भी समीक्षा की। 12-14 एवं 15-18 वर्ष आयु वर्ग के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेने के बाद कहा कि सभी स्कूलों में माइक्रो प्लान बनाकर टीकाकरण कैंप लगाया जाए। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और एमओआइसी द्वारा सभी स्कूलों के लिए माइक्रो प्लान बनाकर 2 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निदेश दिया।
एनआइटी जमशेदपुर में 13 स्टूडेंटस कोरोना पाजिटिव मिले
उधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर एनआइटी में 13 स्टूडेंटस कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यहां 100 छात्रों की जांच की गई थी, इसमें ये छात्र संक्रमित मिले। इनमें से तीन छात्र टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनका इलाज चल रहा है। स्थिति गंभीर देखते हुए एनआइटी में मास्क पहनकर रहना अनिवार्य कर दिया गया है। बताया गया कि मंगलवार को भी यहां कोरोना की जांच होगी। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिलने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। मालूम हो कि पिछले महीने जमशेदपुर में कोरोना से एक मरीज की मौत हो चुकी है।