AICC सदस्य का कांग्रेस आलाकमान को पत्र, जल्द कराएं राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव Ranchi News
Jharkhand. राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में अब सलाह-मशविरा का दौर तेज हो गया है। झारखंड में विस चुनाव को देखते हुए जल्द पार्टी अध्यक्ष का चुनाव कराने की मांग हो रही है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद दोराहे पर खड़ी कांग्रेस में अब सलाह-मशविरा का दौर तेज हो गया है। झारखंड से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य शहजादा अनवर ने आलाकमान को सुझाव भेजा है कि कई राज्यों में विधानसभा का चुनाव होना है। झारखंड भी इसमें शुमार है, लिहाजा जल्द से जल्द पार्टी को अध्यक्ष का चुनाव करना चाहिए। इसके लिए पार्टी का अखिल भारतीय अधिवेशन आहूत किया जाए।
उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर दो नाम भी प्रस्तुत किए हैं जिसमें सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं। उनका दावा है कि दोनों बेहतर विकल्प के तौर पर उभर सकते हैं। इनकी हिन्दी भाषा पर बेहतर पकड़ भी है। इनके मनोनयन से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार होगा। दोनों नेताओं ने अबतक मिली जवाबदेही को पूरी शिद्दत से निभाया है। शहजादा अनवर ने अपने पत्र में यह भी जिक्र किया है कि लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद जैसी परिस्थितियों का निर्माण हुआ है, वह पार्टी के लिए निराशाजनक और चिंतनीय है।
कांग्रेस का 135 साल का गौरवशाली इतिहास है। आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की अहम भूमिका है। राहुल गांधी ने पद से त्यागपत्र दे दिया है। पार्टी की स्थिति भ्रमित और हताशा से युक्त है। कार्यसमिति के सदस्यों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से यह अपेक्षा की जाती थी कि वे संकट से निकालने का गंभीर प्रयास करेंगे। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि संकोच और भ्रम में पार्टी के लगभग सारे शीर्ष नेता और कार्यसमिति के सदस्य इसी बात में अपनी ऊर्जा खत्म कर रहे हैं कि वे कैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपनी निष्ठा दिखाने में बढ़त प्राप्त करें। इन प्रयासों से पार्टी का कोई हित नहीं होगा।