फेसबुक पर लिखा हाउज द जोश, तो पाकिस्तान से आया वीडियो कॉल, जानें फिर क्या हुआ
How is the Josh. पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पेशावर यूनिवर्सिटी के स्टेटस से जुड़े शाहीदउल्लाह नाम के एकाउंट से कमलकांत दूबे को वीडियो कॉल किया गया।
रांची, [फहीम अख्तर] । कांके के बोड़ेया निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कमलकांत दूबे ने फेसबुक पर जब लिखा 'हाउज द जोश, एंड हाउज द खौफ' तो पाकिस्तान से वीडियो कॉल आ गया। वीडियो कॉल करने वाले अकाउंट में शाहीदउल्लाह लिखा नाम लिखा था। स्टेटस में इस्लामाबाद के पेशावर यूनिवर्सिटी का जिक्र था। इस वीडियो कॉल को कमलकांत दूबे ने रिसीव नहीं किया। हालांकि कॉलर ने दूसरी बार कॉल नहीं किया। इस कॉल के आने के बाद वे साइबर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसपर गंभीरता से लेते हुए साइबर थाने के डीएसपी सुमित प्रसाद ने जांच की। संबंधित कॉलर के कॉल करने का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन उसकी आइडी का पता लगाया जा रहा है।
2:48 बजे किया था कॉल : बीते 27 जनवरी को पाकिस्तानी कॉलर ने सुबह देर रात 2:48 बजे कॉल किया था। कॉल आने पर कमलकांत डर गए थे। इस दौरान उन्होंने एक चालाकी दिखाई सभी फोन कॉल और डिटेल्स का स्क्रीनशॉट ले लिया। स्क्रीनशॉट को साइबर डीएसपी को भी उपलब्ध करवाया है।
सोशल मीडिया पर खूब चली थी प्रतिक्रिया : बीते 26 फरवरी की अहले सुबह की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं चलती रही। लोगों ने उत्साहित होकर सेना जवानों की तारीफ की, तो कई ने ङ्क्षहदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। कई पंचलाइन के साथ सोशल मीडिया में भी एक अलग प्रकार का जश्न मनता रहा। सभी सोशल साइट्स वॉल पर सर्जिकल स्ट्राइक से संबंधित पोस्ट ही नजर आए। इन्हें कई बार शेयर किया गया, हजारों गौरवशाली कमेंट्स किए गए और लाखों लाइक भी मिले।
चुटकुलों से उड़ाया पाक का मजाक : सोशल मीडिया पर वायरल हो रही मैसेज में पोस्ट, फोटो और वीडियो के अलावा चुटकुले भी शामिल हैं। वाट्सएप पर वायरल एक चुटकुले में लिखा है कि भारतीय सेना से पहले कई किलो टमाटर आतंकियों के ठिकाने पर गिराए। जब वे टमाटर चुनने को बाहर आए तो उन पर बम गिरा दिया गया। पाकिस्तान इसे धोखा बता रहा है। ऐसे ही कई और जोक वायरल हुए हैं।