Jharkhand: हजारीबाग में केरोसिन विस्फोट के बाद रांची में भी रैंडम सैपलिंग के निर्देश
हजारीबाग में केरोसिन से हुए विस्फोट की घटनाओं के बाद अब रांची में वितरित किए गए केरोसिन की रेंडम जांच की जाएगी। रांची डीसी छवि रंजन ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके निर्देश दिए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो।
रांची, जासं । हजारीबाग में केरोसिन से हुए विस्फोट की घटनाओं के बाद अब रांची में वितरित किए गए केरोसिन की रेंडम जांच की जाएगी। रांची डीसी छवि रंजन ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके निर्देश दिए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो। आपको बता दें कि अभी तक रांची में इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है।
इधर, डीसी के निर्देशानुसार जिले में आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रेंडम जांच की जाएगी। इसके लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक को एक पत्र लिखा है। जिसमें अद्यतन आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रेंडम जांच कर 24 घंटे के अंदर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया है।
साथ ही इस जांच के लिए सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र प्रसाद सिंह और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया है। रविंद्र प्रसाद सिंह इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड और वीरेंद्र कुमार सिंह हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का सहयोग करेंगे। साथ ही सभी पणन पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को अपने अपने क्षेत्र में कम से कम पांच दुकानों में अद्यतन आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रैंडम जांच कर प्रतिवेदन अविलंब समर्पित करने को कहा गया है।
दरअसल, हजारीबाग जिले में आपूर्ति किए गए केरोसिन में विस्फोट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिसके बाद उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने केरोसिन के रेंडम जांच के लिए पत्र जारी किया है। ताकि रांची जिले में हजारीबाग जैसी कोई अप्रिय घटना न हो। उपायुक्त ने केरोसिन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं।