हिंदपीढ़ी में हो रहा लॉकडाउन का उल्लंघन, प्रशासन ने की रैफ जवानों की मांग
कोरोना के बढ़ते मामले के बावजूद हिंदपीढ़ी में रोजाना लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने गृह विभाग से रैफ जवानों की मांग की है
रांची, जासं। हिंदपीढ़ी क्षेत्र हॉटस्पॉट सेंटर बना हुआ है। राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक सर्वाधिक मामले हिंदपीढ़ी क्षेत्र से ही हैं। यहां से लगातार रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामले के बावजूद हिंदपीढ़ी में रोजाना लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने गृह विभाग से रैफ जवानों की मांग की है ताकि समय रहते इस पर नियंत्रण कर लिया जाए।
बफर जोन बढ़ाने पर हो रहा विचार
इधर, हिंदपीढ़ी में कोरोना वायरस के संक्रमण के लगातार मिल रहे मामले ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। अब इस क्षेत्र से संक्रमित होने वाले मरीज दूसरी जगहों पर मिलने लगे हैं। पब्लिक हेल्थ सर्विलांस टास्क फोर्स ने इसपर चिंता जताते हुए हिंदपीढ़ी के कंटेनमेंट एरिया की समीक्षा करने का आदेश रांची जिला प्रशासन को दिया है। वहीं, टास्क फोर्स इस क्षेत्र में संक्रमण के विस्तार को रोकने के लिए सर्वेक्षण कराकर बफर जोन को बढ़ाने पर विचार करने को कहा है। साथ ही, वहां अधिक से अधिक जांच कराने को कहा है।
हिंदपीढ़ी के आसपास भी मिले कोरोना के मरीज
कंटेनमेंट में तीन किलोमीटर तथा बफर जोन में सात किलोमीटर का दायरा आता है। लेकिन यहां अधिक मरीज के कारण इसका इन दोनों क्षेत्रों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। दरअसल, हिंदपीढ़ी के अगल-बगल की जगहों पर भी कोरोनो के संक्रमित मरीज मिले हैं। संभावना यह भी जताई जा रही है कि वहां के कुछ लोगों का आवागमन आसपास के क्षेत्रों में भी हुआ है। बता दें कि राज्य में कोरोना के आधे से अधिक मामले हिंदपीढ़ी से मिले हैं। वहीं, यहां से संक्रमित होकर कई मरीज दूसरी जगहों पर चले गए थे, जिनकी पहचान हुई है।
लॉकडाउन का लोग कर रहे उल्लंघन
दरअसल पुलिस प्रशासन हिंदपीढ़ी क्षेत्र में हालात को पूरी तरह से काबू नहीं कर पा रहा है। यही वजह है कि लॉकडाउन होने के बावजूद लोग इसका उल्लंघन कर रहे हैं। यही वजह है अब तक कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। जिला प्रशासन ने एक सप्ताह पहले ही गृह विभाग से रैफ जवानों को हिंदपीढ़ी क्षेत्र में तैनात करने के लिए प्रस्ताव रखा था। फिलहाल प्रशासन को रैफ जवान नहीं मिले हैं। उम्मीद है जल्द ही प्रशासन को रैफ जवान दिए जाएंगे।
अभी क्या है स्थिति
अभी लॉकडाउन में भी लोग घरों से निकल रहे हैं। जिला प्रशासन ने हिंदपीढ़ी के आवागमन के प्रमुख 15 प्वाइंट पर बैरिकेडिंग कर रखा है। बावजूद लोग बैरिकेडिंग को फांद कर बाहर की तरफ निकलने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में स्थिति और खतरनाक हो सकती है। पुलिस प्रशासन व्यवस्था पर नियंत्रण पाने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल कर रहा है। अतिरिक्त 37 प्वाइंट्स पर कैमरे की व्यवस्था की गई है। गली मोहल्लों में पुलिस की निगरानी बनी हुई है। लोगों को घरों में रहने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं।
गढ़वा में बड़ी संख्या में मजदूरों के आने की संभावना
टास्क फोर्स ने संभावना जताई है कि गढ़वा में बड़ी संख्या में मजदूर व अन्य लोग दूसरे राज्यों से लौटे हैं। गढ़वा जिला प्रशासन को उनलोगों की पहचान कर उनकी कोरोना जांच का आदेश दिया गया है। वहीं, टास्क फोर्स ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में कई पॉजिटिव केस मिलने के बाद उन क्षेत्रों से सटे झारखंड के जिलों को अलर्ट कर सीमा पर चौकसी बढ़ाने का आदेश दिया है।