विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोले सुनील बंसल, सत्ता में आने के पर्याप्त अवसर, गतिविधियां बढ़ाने की जरूरत

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Sun, 25 Dec 2022 10:11 PM (IST)

सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी को संगठित करने और पार्टी गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया।भाजपा ...और पढ़ें

झारखंड में भाजपा नेताओं को अनुकूल माहौल और चुनौतियों को अवसर में बदलने का बंसल ने दिया सूत्र।
झारखंड में भाजपा नेताओं को अनुकूल माहौल और चुनौतियों को अवसर में बदलने का बंसल ने दिया सूत्र।

रांची, राज्य ब्यूरो: भाजपा नेता और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने रविवार को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा के समक्ष सत्ता में आने के लिए पर्याप्त अवसर हैं तो चुनौतियां भी हैं। इसके लिए जिलों की तरह अब मंडल स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और बढ़ाना होगा। मंडल अब पार्टी की गतिविधियों का केंद्र बनना चाहिए।

चुनौतियों को अवसर में बदलने की जरूरत

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने रविवार को कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रभारियों और विभिन्न मोर्चा अध्यक्षों को संगठनात्मक विस्तार का मंत्र दिया। राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में उनका यह पहला झारखंड दौरा था। प्रदेश कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा के लिए अनुकूल माहौल है। पार्टी के समक्ष चुनौतियां भी हैं, जिसे हम सब को मिलकर अवसर में बदलना होगा।

भाजपा के लिए कोई अछूत नहीं

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सोच में व्यापक परिवर्तन आया है। भाजपा गांव, गरीब, किसान, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित सभी समाज की पार्टी है। पार्टी आज सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्व समावेशी है। भाजपा के लिए कोई भी अछूत नहीं है। हमें भारत की प्रगति ,उन्नति और विकास में सबको सहभागी बनाते हुए आगे बढ़ते जाना है, तभी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मंत्र सार्थक होगा। समाज के सभी वर्गों से युवा नेतृत्व खड़ा करने पर बल देते हुए सुनील बंसल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे ज्यादा युवा शक्ति वाला देश है जिसे संगठन के माध्यम से देश के निर्माण में जोड़ना है।

नेताओं को टास्क, सरकार के खिलाफ तेज करें संघर्ष

बैठक में निर्देश दिया गया कि राज्य सरकार के खिलाफ जमीन पर संघर्ष तेज करें। अनुकूल माहौल है और इसे अवसर में बदलने की आवश्यकता है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि चौतरफा भ्रष्टाचार है। पार्टी प्रखंड, अंचल, थाना स्तर पर भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए संघर्ष तेज करेगी।मतांतरण, घुसपैठ, उग्रवाद और पीएफआइ की बढ़ती सक्रियता भी बड़ी चुनौती है।भाजपा ही राज्य के इन गंभीर मुद्दों को गंभीरता से उठाती है।

एक साथ दो मोर्चों पर काम करने की जरुरत

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को झारखंड में एक साथ दोनो मोर्चों पर कार्य करना है। सांगठनिक संरचना को मजबूत करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है और राज्य सरकार की नाकामियों को भी जोरदार ढंग से उठाना है।

गुमराह कर रही सरकार

जांच एजेंसियों की बढ़ती कार्रवाई से परेशान सरकार अब नाकामियों को छुपाने केलिए हथकंडे अपना रही है। 1932 के खतियान के आधार पर स्थानीय नीति को असंभव बताने वाले मुख्यमंत्री अब इसे लागू करने का ढोंग रच रहे हैं। जनता सब समझ रही है। यह सरकार चाहे खतियान हो चाहे नियोजन नीति हो या फिर पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण ,सभी मामलों में केवल जनता को गुमराह कर रही है। सरकार की नीयत ठीक रहती तो नियोजन नीति को लागू करती और पिछड़ों के लिए आरक्षण बढ़ाने के लिए आयोग गठित कर सर्वेक्षण कराती।

बैठक में मंच पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव भी उपस्थित थे। बैठक में कोर कमेटी के सदस्य एवँ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी सहित प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: Jharkhand: हेमंत सरकार को गिराने की साजिश मामले में ईडी ने अनूप सिंह से पूछा दस करोड़ का आफर किसने और कब दिया