Fraud Case: अभिनेत्री अमीषा पटेल ने अदालत से लगाई गुहार... ढाई करोड़ धोखाधड़ी का आरोप... अब पांच मई को सुनवाई
Actress Amisha Patel फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल पर झारखंड हाई कोर्ट में चेक बाउंस का मामला चल रहा है। गुरुवार को अदालत में मामले की सुनवाई हुई। अभिनेत्री अमीषा पटेल की ओर से समय की मांग की गई। अदालत ने कहा है कि केस की सुनवाई 5 मई को होगी।
रांची, डिजिटल डेस्क। धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री अमीषा पटेल की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान उनकी ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। मामले में अगली सुनवाई 5 मई को होगी। इनके खिलाफ रांची जिले के हरमू के रहने वाले अजय कुमार सिंह ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। अजय कुमार सिंह को अमीषा पटेल ने फिल्मों में पैसे लगाने का ऑफर दिया था। फिल्म नहीं बनने पर अजय कुमार सिंह ने पैसे की मांग की तो अभिनेत्री अमीषा पटेल ने उन्हें चेक दिया, जो बाउंस हो गया था। इसके बाद मामला झारखंड हाई कोर्ट पहुंचा।
पांच मई तक अमीषा पटेल पर नहीं होगी कोई कार्रवाई
बताया जाता है कि यह मामला वर्ष 2017 का है। अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि पांच मई तक यानी जवाब दाखिल करने तक अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ कार्रवाई पर रोक रहेगी। उनका जवाब दाखिल होने के बाद इस मामले पर अदालत आगे सुनवाई करेगी। अभिनेत्री अमीषा पटेल ने अदालत में एक याचिका दायर कर कहा है कि निचली अदालत में उनके खिलाफ दाखिल शिकायतवाद को निरस्त किया जाए। उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट से इस मामले में न्याय देने की अपील की है। एक तरह से अदालत ने उन्हें राहत देते हुए तत्काल कार्रवाई करने पर रोक लगा दी है।
रांची के हरमू में अजय कुमार सिंह से हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, रांची के हरमू हाउसिंग कालोनी में एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री अमीषा पटेल से अजय कुमार सिंह की भेंट हुई थी। इसी दौरान अभिनेत्री ने उन्हें फिल्मों में पैसा लगाने का आफर दिया था। इसके बाद अजय कुमार सिंह ने उन्हें पैसा उपलब्ध कराया था, लेकिन फिल्म नहीं बनी। इसके बाद अजय कुमार सिंह ने पैसों की मांग की। इसके बाद अभिनेत्री अमीषा पटेल की ओर से एक चेक अजय कुमार सिंह को दिया गया। जब उन्होंने चेक बैंक खाते में जमा किया तो पता चला कि अभिनेत्री के खाते में पैसा ही नहीं है। अंतत: यह चेक बाउंस कर गया। इसके बाद अजय कुमार सिंह ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
जस्टिस आनंद सेन की अदालत में चल रही सुनवाई
जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की याचिका पर जस्टिस आनंद सेन की अदालत में सुनवाई चल रही है। अदालत ने अभिनेत्री अमीषा पटेल और अजय कुमार सिंह से पिछली सुनवाई में पूछा था कि क्या इस मामले को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। इस मामले में अदालत ने दोनों पक्षों को जवाब दाखिल करने को कहा था। अभिनेत्री की ओर से अभी तक जवाब दाखिल नहीं किया गया है।
देसी मैजिक फिल्म बनाने के लिए लिया ढाई करोड़ रुपये
बताया गया कि फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय कुमार सिंह ने अभिनेत्री अमीषा पटेल को ढाई करोड़ रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किया था। अजय कुमार सिंह लवली वर्ल्ड इंटरटेनमेंट नामक संस्था के मालिक हैं। वह लंबे समय से पैसे की मांग कर रहे हैं। पैसा नहीं मिलने पर उन्होंने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा कर रखा है।