आओ चलें हम झुमरी तिलैया गाना हुआ हिट, दादा साहेब फिल्म फेस्टिवल में मिली जगह
झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा के उद्देश्य से तैयार म्यूजिक वीडियो सह गाना आओ चलें हम झुमरी तिलैया... अब फिल्म जगत में भी धूम मचा रहा है।
रांची, जेएनएन। झारखंड में पर्यटन देने को बढ़ावा के उद्देश्य से तैयार किया गया म्यूजिक वीडियो सह गाना आओ चलें हम झुमरी तिलैया... अब फिल्म जगत में भी धूम मचा रहा है। प्रसिद्ध गायक उदित नारायण के स्वर में यह गीत यू-टयूब पर काफी हिट रहा है। लिहाजा गत दिनों नई दिल्ली में आयोजित दादा साहेब फिल्म फेस्टिवल में इस गीत को भी जगह दी गई।
इस गाने को तैयार करने में समाजसेवी सह पर्यटन विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहे डॉ. वीरेंद्र कुमार व भोजपुरी फिल्म निर्देशक विपिन जाटे की अहम भूमिका रही। इस गाने को दादा साहेब फिल्म फेस्टिवल में स्थान दिया गया तथा डॉ. वीरेंद्र व जाटे को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वीरेंद्र ने बताया कि झारखंड में पर्यटन विकास की काफी संभावनाएं है। उनके प्रयास से तैयार हुए आओ चलें हम झुमरी तिलैया... म्यूजिक वीडियो को नई पहचान मिली है। अब कोडरमा व इसके आसपास के क्षेत्रों की पहचान फिल्म जगत में भी हो रही है। लिहाजा आने वाले समय में संभावनाएं काफी हैं।
उनकी भोजपुरी फिल्म प्यार से... की शूटिंग पूरी हो गई है। इस फिल्म की 50 फीसद से ज्यादा शूटिंग कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह में हुई है। अगस्त माह तक फिल्म रिलीज होने की संभावना भी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप